उम्मीद है कि नेहा धूपिया को आप भूले नहीं होंगे। यूं तो उन्होंने कई फिल्मों में काम किया, लेकिन उनकी ख्याति ‘जूली’ जैसी फिल्म के कारण सबसे ज्यादा है जिसमें उन्होंने पर्दे पर बिंदास अंदाज में लिबास उतारे थे।
इधर उनके पास लंबे अर्से से फिल्मों का टोटा है और जानकारों के अनुसार अब वह खाली वक्त में कुछ ‘डिफरेंट’ करना चाहती हैं। सो, सूत्र खबर लाए हैं कि नेहा अब कपड़े बेचेंगी।
जी हां, इससे पहले कि आप ऐसा वैसा कुछ सोचें यह समझ लें कि नेहा के कपड़े बेचने का स्टाइल पारंपरिक दुकानदारों की तरह नहीं होगा बल्कि वह ऑनलाइन कपड़ों के व्यवसाय से जुड़ेंगी। सूत्रों की मानें तो इन दिनों नेहा एक पोर्टल से बातचीत कर रही हैं, जिसमें वह कपड़े खरीदने वालों के लिए सलाहकार का काम करेंगी।
नेहा का काम इस पोर्टल से कपड़ों की खरीदारी करने वालों को उनकी कद-काठी और रंग-रूप के अनुसार सलाह देना रहेगा कि उन्हें क्या खरीदाना चाहिए और क्या नहीं। नेहा पोर्टल की स्टाइल डायरेक्टर रहेंगी। अब जानकारों का कहना है कि ऐसे में जबकि नेहा के पास विशेष काम नहीं है, स्टाइल डायरेक्टर हो जाने में कोई बुराई नहीं है।
संभव है कि इससे कपड़ों की बिक्री करने वाले पोर्टल को अपना काम फैलाने में मदद मिले और यह भी हो सकता है कि एक बार फिर से नेहा की लोकप्रियता बढ़ जाए तो उन्हें फिर से फिल्में ऑफर होने लगें।