फिल्म किक में सलमान खान के अपोजिट विलेन के रूप में खड़े होने वाले नवाजुद्दीन सिद्दिकी एक बार फिर से ऐसा ही कुछ करते नजर आएंगे। सलमान और करीना स्टारर फिल्म बजरंगी भाईजान में नवाज भी हैं।
मगर खास बात यह है कि किक में जहां नवाज दवा उद्योग के एक भ्रष्ट उद्योगपति के रूप में दिखे थे, वहीं बजरंगी भाईजान में एक शातिर पाकिस्तानी नेता के रूप में दिखाई देंगे।
वैसे सूत्रों का कहना है कि नवाज का किरदार फिल्म में पूरी तरह से नेगेटिव नहीं होगा बल्कि उसमें खलनायकी के कुछ शेड्स नजर आएंगे।
इन दिनों बजरंगी भाईजान की कहानी की चर्चा खूब हो रही है, जो अचानक खुल कर सामने आ गई है। पता चला है कि फिल्म में सलमान ऐसे संवेदनशील युवा की भूमिका में हैं, जो पाकिस्तान से गलती से सीमा पार करके भारत में चली आई एक बच्ची की मदद करता है और उसे माता-पिता से मिलाने के लिए दूसरी तरफ चला जाता है।
परंतु वहां जाने पर इस हीरो को गिरफ्तार करके जेल में डाल दिया जाता है। वहीं उसकी मुलाकात इस पाकिस्तानी नेता (नवाजुद्दीन) से होती है जो बहुत चालाक है।
आगे क्या होगा, यह फिल्म आने पर पता चलेगा। परंतु जानकार कह रहे हैं कि फिल्म में वीर-जाना और गदरः एक प्रेम कथा के कुछ सूत्र मिलें तो आश्चर्य मत कीजिएगा।