महाराष्ट्र में किसानों की हड़ताल को आज सात दिन हो चुके हैं। ऐसे में एक्टर नाना पाटेकर और मकरंद अनासपुर किसानों के समर्थन में उतर आए हैं। महाराष्ट्र में कर्ज माफी और फसल के कम से कम मूल्य की मांग को लेकर पिछले कई दिनों से किसान हड़ताल पर हैं।
नाना पाटेकर और मकरंद अनासपुर ने 'नाम फाउंडेशन' की शुरुआत की है जिसमें वो उन किसानों के परिवार वालों की मदद करते हैं जिन्होंने आत्महत्या कर ली है।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में नाना ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार को किसानों के साथ न्याय कर उनकी मदद करनी चाहिए और कर्ज कम करने पर भी विचार करना चाहिए जिससे की राज्य में किसानों की आत्महत्या की दर कम हो सके।
नाना ने ये भी कहा कि किसानों के आंदोलन और हड़ताल करनी पड़ रही है जो बहुत ही दुख की बात है। नाना का कहना है कि सभी क्षेत्रों के लोगों को किसानों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। बता दें कि पहले भी कई बार नाना किसानों की मदद के लिए आगे आ चुके हैं।