Kunal Kamra: 'गद्दार' मामले में कॉमेडियन कुणाल कामरा को मुंबई पुलिस ने 31 मार्च को खार पुलिस स्टेशन में पेश होने के लिए कहा है। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे से जुड़ा है मामला...
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे पर पैरोडी सॉन्ग लिखने के बाद विवादों में घिरे कॉमेडियन कुणाल कामरा फिलहाल पुडुचेरी में हैं। उन्हें मुंबई पुलिस ने 31 मार्च को पूछताछ के लिए खार पुलिस स्टेशन बुलाया है। पुलिस अभी तक कुणाल को दो समन जारी कर चुकी है।
विज्ञापन
कुणाल को खार पुलिस स्टेशन में पेश होने के आदेश
मुंबई पुलिस ने स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा के खिलाफ एक शो के दौरान महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए एफआईआर दर्ज की है। इसी मामले में कुणाल को मुंबई पुलिस ने 31 मार्च को खार पुलिस स्टेशन बुलाया है। जहां उनसे इस मामले में पूछताछ की जाएगी।
पैराडी सॉन्ग गाया
कुणाल ने फिल्म 'दिल तो पागल है' के एक हिंदी गाने का इस्तेमाल कर शिंदे पर ताना मारा था, जिसके बाद से ही यह मामला गंभीर रूप ले चुका है। कुणाल ने शिंदे को "गद्दार" कहा। शिंदे और अन्य राजनीतिक नेताओं पर कामरा का तंज उनके कॉमेडी स्पेशल नया भारत का हिस्सा था, जो यूट्यूब पर अवेलेबल है। इस वीडियो को अभी तक 8 मिलियन से अधिक बार देखा जा चुका है। इसी मामले में मुंबई पुलिस ने आगे की पूछताछ के लिए कॉमेडियन को 31 मार्च को खार पुलिस स्टेशन में पेश होने के लिए कहा है।
कुणाल को जारी हुआ दूसरा समन
पीटीआई के अनुसार, इस पूरी घटना के बाद रविवार रात शिवसेना समर्थकों ने जमकर हंगामा किया और क्लब के साथ होटल में भी तोड़फोड़ की। शिवसेना विधायक मुरजी पटेल की शिकायत पर खार पुलिस ने कामरा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारी ने बताया कि कामरा को मंगलवार को पुलिस के सामने पेश होने के लिए कहा गया था, लेकिन उन्होंने सात दिन का समय मांगा था इसलिए अब उन्हें जारी दूसरे समन में 31 मार्च को पुलिस के सामने पेशी के लिए कहा है। महाराष्ट्र विधान परिषद ने भी शिंदे के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के संबंध में कामरा के खिलाफ विशेषाधिकार हनन नोटिस स्वीकार कर लिया है।