फिल्म 'गर्ल्स विल बी गर्ल्स' अमेरिका में लोगों के दिलों पर अपना जादू चलाने में कामयाब रही है। फिल्म को रिलीज के बाद से ही काफी ज्यादा सराहा जा रहा है। इस फिल्म की तारीफ करने वालों में अब मीरा नायर और जोया अख्तर का नाम भी शामिल हो गया है।
ऋचा चड्ढा और अली फजल की पहली फिल्म निर्मित फिल्म 'गर्ल्स विल बी गर्ल्स' अमेरिका में रिलीज होने के बाद खूब वाहवाही लूट रही है। फिल्म को लोगों से मिल रहे प्यार के बीच मशहूर फिल्मकार मीरा नायर और जोया अख्तर ने इसकी जमकर तारीफ की है।
उन्होंने फिल्म की कहानी की जमकर तारीफ करते हुए इसमें काम करने वाले कलाकारों की भी प्रशंसा की। साथ ही, उन्होंने लोगों को इस फिल्म को देखने के लिए प्रोत्साहित भी किया। मीरा नायर ने फिल्म को दुर्लभ बताते हुए इसकी निर्देशक सुचिता तलाटी के लेखन और निर्देशन के तारीफों के पुल भी बांधे।
मीरा नायर ने कहा, "गर्ल्स विल बी गर्ल्स एक दुर्लभ रत्न जैसी है। इस फिल्म की ईमानदारी और कहानी ने मुझे मोहित कर लिया। यह एक ऐसी फिल्म है जो देखने लायक है और मैं अमेरिका में सभी से इसे देखने का दृढ़ता से आग्रह करती हूं।" वहीं, जोया अख्तर ने फिल्म की तारीफ करते हुए इसे जरूर देखने की अपील की।
फिल्म की निर्माताओं में से एक ऋचा चड्ढा ने इन दोनों ही फिल्मकारों का आभार व्यक्त किया। चड्ढा ने कहा, "मीरा नायर और जोया अख्तर हमेशा से हमारे लिए प्रेरणास्रोत रही हैं। उनका गर्ल्स विल बी गर्ल्स को इतने दिल से स्वीकार करना हमारे लिए बहुत मायने रखता है। यह फिल्म हमारे दिल के बहुत करीब है और उनके शब्दों ने हमें ऐसी और भी कहानियां बताने के लिए प्रेरित किया है।"