अरुणाचल प्रदेश की तागिन भाषा में बनी पहली फिल्म 'Love in 90s' का ट्रेलर लॉन्च हो गया है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने एक कार्यक्रम में फिल्म का ट्रेलर लॉन्च किया। इस मौके पर रिजिजू ने कहा कि फिल्म टैक्स फ्री रहेगी और वह राज्य सरकार से व अन्य माध्यमों से भी इस फिल्म को बढ़ावा देने को कहेंगे।
90 के दशक को किया याद
रिजिजू ने लोगों से इसे देखने का आग्रह करते हुए कहा कि यह फिल्म तागिन समुदाय की संस्कृति को पूरे देश और दुनिया के सामने पेश करेगी। 90 के दशक को याद करते हुए कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, 'उन दिनों जिंदगी बहुत खूबसूरत हुआ करती थी। युवा पीढ़ी इस फिल्म को एंजॉय करेगी, लेकिन 90 के दशक के वे लोग जिन्होंने प्रेम की अनुभूति की वह इसे महसूस करेंगे।'
निर्देशक तापेन नातम ने कही यह बात
रिजिजू ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में स्थापित होने वाला राष्ट्रीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान इस क्षेत्र की कला और संस्कृति को बढ़ावा देगा। फिल्म के निर्देशक तापेन नातम ने कहा उन्हें देश के सबसे दूरस्थ इलाकों में से एक से राष्ट्रीय राजधानी में आने पर गर्व है। साथ ही उन्होंने ट्रेलर लॉन्च में मदद के लिए किरेन रिजिजू को भी शुक्रिया कहा।
The Kerala Story: 'द केरल स्टोरी' पर निर्देशक सुदीप्तो सेन का बड़ा बयान, विरोधियों के लिए कही यह बड़ी बात
दिल्ली में लॉन्च हुआ ट्रेलर
नई दिल्ली के नेशनल मीडिया सेंटर में आयोजित ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान मशहूर बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर मोहित चौहान भी मौजूद रहे। इस दौरान किरेन रिजिजू ने कहा कि 'तागिन बहुत ही प्रगतिशील, बहुत ही महत्वपूर्ण और मेहनती कम्युनिटी है। मैं हमेशा कहता हूं कि सादगी तागिन कम्युनिटी की पहचान होती है।'