गुलजार ने भावुक होकर लता मंगेशकर को याद करते हुए कहा कि लता जी किसी गाने का पूरा भाव ही बदल देने में सक्षम थीं। इस दौरान उन्होंने फिल्म ‘खामोशी’ के गाने ‘हमने देखी है’ से जुड़ा एक किस्सा भी बताया। इस गाने को लता मंगेशकर ने अपनी आवाज दी थी।
लता मंगेशकर (फाइल फोटो)
- फोटो : सोशल मीडिया
गीतकार गुलजार ने कहा कि 'हमने देखी है इन आंखों की महकती खुशबू’ ये गाना पुरुष स्वर के लिए था। इस गाने में एक महबूब का अपनी महबूबा के लिए भाव को दिखाया गया है। लेकिन हेमंत कुमार जी चाहते थे कि इस गाने को लता गाए। उन्होंने मुझसे कहा था कि ये गाना लता ही गाएंगी। उस वक्त मैं थोड़ा चिंता में था। मेरे मन में सवाल था कि कैसे पुरुष स्वर का गाना महिला गाएगी। लेकिन लता जी ने इस गाने को गाया। बता दें कि लता मंगेशकर और गुलजार ने कई गानों पर एक साथ काम किया है। जहां गुलजार ने गाने लिखे, तो वहीं लता मंगेशकर ने उन गानों को अपनी आवाज से अमर बना दिया।
लता मंगेशकर ने 92 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कहा है। वह 8 जनवरी को कोरोना वायरस से संक्रमित हुई थीं। इसके बाद उन्हें निमोनिया भी हो गया था। लता मंगेशकर ने मुंबई के ब्रिज कैंडी अस्पताल में अपनी आखिरी सांस ली। इस अस्पताल में वह लंबे समय तक आईसीयू में रहीं। हालांकि, उनकी तबीयत में सुधार भी आया था लेकिन शुक्रवार को अचानक ही उनका स्वास्थ बिगड़ने लगा, जिसके बाद अगले ही दिन उनके निधन ने सबको गम में डाल दिया।