इन दिनों बॉलीवुड के फिल्म मेकर्स को कामयाबी का एक हिट तरीका मिल गया है। कई फिल्मकार उसी प्रयोग को निखारने में लगे हुए हैं।
बॉलीवुड में सीक्वल फिल्मों का ट्रेंड तेजी से बढ़ा है। इन फिल्मों को सफलता का पैमाना भी माना जाता है। हो भी क्यों ना! इन फिल्मों की सफलता कुछ यही इशारा करती है। अब बॉलीवुड सीक्वल युग में प्रवेश कर रहा है। `कृष’ सीरीज की `कृष-3’ के आने के बाद इन फिल्मों की सफलता की परिभाषा ही बदल गई है।
बिजनेस के मामले में `कृष-3’ ने इस वर्ष आई सभी हिंदी फिल्मों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। यह हॉलीवुड की कुछ समय पहले ही रिलीज हुई सुपरमैन फिल्म से भी ज्यादा कमाई करने वाली साबित हुई है। साल 2013 सीक्वल फिल्मों के नाम ही रहा है। अभी `धूम’ की तीसरी कड़ी आना बाकी है। देखना है कि साल की शुरुआत में सीक्वल फिल्मों की सफलता साल के अंत में भी जारी रहती है या नहीं?
2013 में इनकी शुरुआत जनवरी से हुई। 2008 में `रेस’ फिल्म का सीक्वल `रेस-2’ आया। सैफ, दीपिका पादुकोण और जैकलीन फर्नांडीस अभिनीत यह फिल्म एक्शन थ्रिलर फिल्म थी। अपनी लागत से दुगनी कमाई करने वाली साल की यह पहली फिल्म बनी। `रेस-2’ को दर्शकों ने सराहा और कमाई के मामले में भी यह हिट रही। जनवरी के बाद फरवरी में `मर्डर-3’ ने दस्तक दी।
अपने बोल्ड सीन की वजह से बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने दमदार एंट्री दर्ज कराई। 7 करोड़ की लागत से बनी `मर्डर-3’ ने 18.31 करोड़ का बिजनेस किया। मार्च में `साहिब बीबी और गैंगस्टर रिटर्न’ ने बॉक्स ऑफिस पर दस्तक दी। सात करोड़ की लागत से बनी इस फिल्म ने फिल्मी पंडितों के गणित को गड़बड़ा दिया। यह साल की तीसरी हिट फिल्म बनी और 21.95 करोड़ की कमाई की।
अप्रैल में `आशिकी-2’ ने दर्शकों को खूब लुभाया। फिल्म के गीतों से लेकर स्टोरी तक को खूब वाहवाही और अप्रत्याशित सफलता मिली। बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट फिल्म का तमगा पाकर `आशिकी-2’ ने 10.5 करोड़ की लागत के मुकाबले 78.42 करोड़ की कमाई की। जून में `जट यमला पगला दीवाना-2’ आई, लेकिन दर्शकों ने इस फिल्म को ज्यादा नहीं सराहा। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिर गई।
अगस्त 2013 में आई `वंस ऑपन टाइम इन मुंबई अगेन’ भी ज्यादा सफल नहीं रही। सितंबर में `जंजीर’ का रीमेक आया, लेकिन फिल्म सुपरफ्लाप रही। नवंबर में `कृष -3’ ने इस सूखे को खत्म किया और उसकी सफलता का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है। इस माह यानी नवंबर में ही `सत्या’ की सीक्वल `सत्या-2’ भी रिलीज हुई। हालांकि दर्शकों को खींचने में वह असफल ही रही है। दिसंबर में एक और सीक्वल फिल्म का दर्शकों को इंतजार है।
`धूम-2’ के बाद `धूम-3’ रिलीज के लिए तैयार है। सीक्वल फिल्मों का सिलसिला इस साल के अंत में ही नहीं खत्म होने वाला है। नए साल की शुरुआत यानि 2014 में ऐसी फिल्मों की लिस्ट तैयार है। `इश्किया’ का सीक्वल `डेढ़ इश्किया’, `रागनी एमएमएस 2’, `सिंघम-2’, `हेट स्टोरी -2’ जैसे सीक्वल्स दर्शकों के सामने होंगे।