आदित्य धर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर 2’ रिलीज के बाद से ही लगातार चर्चाएं बटोर रही है। तमाम सेलेब्स रणवीर सिंह की इस फिल्म की तारीफ कर रहे हैं। अब अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी ‘धुरंधर 2’ की तारीफ की है। उन्होंने फिल्म के लिए सबसे ज्यादा श्रेय निर्देशक आदित्य धर को दिया है।
आदित्य धर को फिल्म से मिली पहचान
कंगना रनौत ने अपने इंस्टाग्राम पर फिल्म की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए एक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा, ‘धुरंधर की सफलता की सबसे अच्छी बात यह है कि सुपरस्टार निर्देशक आदित्य धर को पहचान मिली है।
हॉलीवुड के सुपरस्टार निर्देशक हमेशा सुपरस्टार अभिनेताओं से कहीं ज्यादा बड़े होते हैं। उदाहरण के लिए: स्पीलबर्ग, टारनटिनो, नोलन। हम अपने फिल्म निर्माताओं को कभी भी उतना सम्मान या श्रेय नहीं देते जितना उन्हें मिलना चाहिए। उन पर काम का बोझ बहुत ज्यादा होता है, उन्हें कम वेतन मिलता है और सुपरस्टार्स उन्हें परेशान करते हैं।’
कोई नहीं बनना चाहता निर्देशक
कंगना ने भारत में निर्देशकों को मिलने वाली कम पहचान के बारे में बात करते हुए कहा कि मुझे कोई भी ऐसा युवा नहीं मिलता चाहे वह फिल्म इंडस्ट्री से हो या बाहर का, जो फिल्म निर्माता, सिनेमैटोग्राफर या कोई अन्य तकनीशियन बनने का सपना देखता हो।
हर कोई खुद को प्रतिभाशाली बताता है, लेकिन वे सिर्फ अभिनेता बनना चाहते हैं। यहां एक सुपरस्टार फिल्ममेकर हैं, जो किसी भी हीरो से ज्यादा चमक रहे हैं। आज इतने सारे युवा उनकी कहानी देख रहे हैं, जो उनके जैसा बनना चाहेंगे और फिल्म इंडस्ट्री को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। आपको सलाम आदित्य धर।