सोनू सूद ने जोधा अकबर को लेकर कहा कि कई मायनों में यह फिल्म उनके लिए बेहद खास है, क्योंकि इस फिल्म के सेट पर उनकी मां आती थीं। उन्हें दुख है कि जोधा अकबर देखने से पहले ही वह दुनिया को अलविदा कह गईं।
बॉलीवुड की बेहतरीन ब्लॉकबस्टर फिल्म जोधा अकबर को 15 साल पूरे हो गए हैं। इस पर सोनू सूद ने कहा कि जोधा अकबर कई मायनों में उनके लिए बेहद खास फिल्म है। इस फिल्म में सोनू सूद ने राजकुमार सुजामल का रोल अदा किया था, जो जोधा के चचेरे भाई बने थे। फिल्म का निर्देशन आशुतोष गोवारिकर ने किया। वहीं, ऋतिक रोशन ने अकबर की भूमिका निभाई।
विज्ञापन
सोनू सूद बोले- मां नहीं देख पाईं जोधा अकबर
सोनू सूद ने फिल्म को लेकर कहा कि मैंने शूटिंग का पूरा आनंद लिया। ऐतिहासिक फिल्में मुझे हमेशा हाई करती हैं। मेरी मां इतिहास की प्रोफेसर थीं। अगर मुझे किसी भी फिल्म का ऑफर आता तो वह अक्सर मुझे ऐतिहासिक फिल्में करने के लिए प्रोत्साहित करती थीं। इसलिए मैंने इस फिल्म को लेकर हां कहा था। सोनू सूद शूटिंग की दौरान की चीजों को याद करते हुए बोले कि किस तरह मां ने उनकी बड़ी मदद की थी। अभिनेता ने आगे कहा कि मेरे कैरेक्टर के साथ मेरी मां ने मदद की। पूरी शूटिंग के दौरान और स्क्रिप्ट के साथ भी मुझे गाइड किया। हालांकि, वह इस फिल्म को नहीं देख पाईं। रिलीज से चार महीने पहले ही उनका निधन हो गया था। हालांकि, प्रीमियर के वक्त मुझे लगा कि वह मेरे बराबर में बैठी हैं।
जोधा अकबर दिलाती है मां की याद
फिल्म जोधा अकबर मुझे मेरी मां की याद दिलाती है। वह अक्सर जोधा अकबर के सेट पर मुझसे मिलने आती थीं। वह आखिरी सेट था, जिस पर वह गई थीं। इसलिए यह मेरे लिए बेहद खास है। सोनू सूद भावुक होते हुए बोले कि उन्होंने मुझसे वादा किया था कि यह फिल्म मेरे लिए बहुत कुछ बदल देगी और सच में ऐसा हो गया।