तमाम उठा पटक के बाद टीवी के लोकप्रिय शो 'शक्ति अस्तित्व के एहसास की' में एक और बड़ा बदलाव होने वाला है। धारावाहिक 'थपकी प्यार की' में थपकी चतुर्वेदी बनकर प्रसिद्धि पा चुकी अभिनेत्री जिज्ञासा सिंह अब 'शक्ति…' शो का हिस्सा बनने जा रही हैं। वह इस धारावाहिक में महिला मुख्य किरदार में नजर आएंगी।
इस धारावाहिक को नया मोड़ और ऊंची लोकप्रियता देने के लिए निर्माताओं ने कहानी में 15 साल का लीप लेने का फैसला किया है। इन 15 साल के उछाल के साथ शो की कहानी पूरी तरह से बदल जाएगी, और बचेंगी तो सिर्फ यादें।
इस नई कहानी के साथ शो में कई नए चेहरे भी दर्शकों को पहली बार दिखाई देंगे। उनमें से एक चेहरा जिज्ञासा सिंह का है। वह इस धारावाहिक में हीर का किरदार निभाएंगी। वह हरमन (विवियन डीसेना) और माही (सारिका ढिल्लों) की बेटी है। 15 साल की लीप में वह बड़ी हो गई है और कॉलेज जाने लगी है। अब जैसे-जैसे शो की कहानी आगे चलेगी, उसी के साथ कहानी से जुड़े कई खुलासे होते रहेंगे।
नया किरदार मिलने की अपनी खुशी को जाहिर करते हुए जिज्ञासा कहती हैं, 'सौम्या का किरदार मुझे मिलना मेरे लिए एक मौके से ज्यादा एक बड़ी जिम्मेदारी है। पिछले तीन सालों से इस किरदार को दर्शकों से जितना प्यार मिला है, यह मेरी जिम्मेदारी है कि मैं इस प्यार को कायम रखूं। मेरा किरदार 15 साल की लीप के बाद सामने आएगा तो लोगों को इस किरदार से जुड़े राज पता चलेंगे, और कई नए खुलासे भी होंगे। मैं इस यात्रा को शुरू करने के लिए बहुत उत्साहित हूं।'
बता दें कि निर्माताओं द्वारा शो में लीप की घोषणा किए जाने के साथ ही शो के कई मुख्य कलाकार इस धारावाहिक को छोड़ चुके हैं, जिनमें शो के मुख्य कलाकार विवियन डीसेना एक हैं। दरअसल वह इस शो में पर्दे पर पिता का किरदार नहीं निभाना चाहते थे, लेकिन शो के निर्माताओं को तो इस किरदार से यही चाहिए था। इसलिए विवियन ने शो छोड़ दिया। लीप के बाद की कहानी में शो की मुख्य कलाकार सौम्या (रुबीना दिलाइक) भी इस धारावाहिक का हिस्सा नहीं रहेंगी, क्योंकि 15 साल आगे की कहानी की वजह से उनका किरदार भी बूढ़ा हो चुका होगा, और वह पर्दे पर किसी बूढ़े की भूमिका नहीं निभाना चाहती हैं।