बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलिन फर्नांडीस एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्हें प्रवर्तन निदेशालय ने सुकेश चंद्रशेखर मामले में दूसरी बार तलब किया है। मनी लॉन्ड्रिंग केस में एक बार फिर जैकलिन से पूछताछ के लिए उन्हें बुलाया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार उन्हें 25 सितंबर से पहले कोर्ट में पेश होना होगा। बता दें कि ईडी ने 30 अगस्त को इस मामले में उनका बयान दर्ज किया था जहां करीब छह घंटे उनसे पूछताछ की गई थी। खबरों की मानें तो एजेंसी ये जानने की कोशिश में है कि अभिनेत्री और सुकेश च्रंदशेखर के बीच पैसों का कोई लेनदेन हुआ था या नहीं। वहीं खबर है कि इस मामले में अभिनेत्री नोरा फतेही को भी तलब किया गया है।
बता दें कि 23 अगस्त को तिहाड़ जेल के अंदर से रंगदारी वसूलने वाले आरोपी सुकेश चंद्रशेखर और फिल्म अभिनेत्री लीना पॉल के चेन्नई वाले बंगले पर प्रवर्तन निदेशालय ने छापा मारा था। जिस बंगले पर ईडी द्वारा छापा मारा गया था उसकी कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। रेड के दौरान कार्रवाई करते हुए ईडी ने भारी मात्रा में कैश बरामद किया था। साथ ही 15 गाड़िया भी बरामद की गई थीं जिनकी कीमत करोड़ो रुपये है।
कुछ समय पहले जेल के अंदर से एक बड़े बिजनेसमैन की पत्नी से सुकेश ने करीब 200 करोड़ की रंगदारी वसूली थी। इस ठगी के मामले में सुकेश के साथ उनकी पत्नी और फिल्म एक्ट्रेस लीना पॉल शामिल थीं। पुलिस ने लीना को गिरफ्तार करने के बाद उनके पति सुकेश चंद्रशेखर से पूछताछ के बाद की है। सुकेश व उसके अन्य साथियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस इस मामले में उसे रिमांड पर लेकर लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस ने उसपर मकोका का मामला भी दर्ज कर लिया है। ठगी के इस मामले की प्रवर्तन निदेशालय(ईडी) भी जांच कर रही है।