ईशान खट्टर स्टारर 'पिप्पा' के मेकर्स ने फिल्म को लेकर चल रही अफवाहों पर आधिकारिक बयान जारी कर दिया है। मेकर्स ने उन दावों की हवा निकाल दी है, जिसके तहत कहा जा रहा था कि यह फिल्म सिर्फ ओटीटी पर रिलीज होगी। दरअसल, कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि ईशान खट्टर की 'पिप्पा' को ओटीटी पर ही रिलीज किया जाएगा, क्योंकि फिल्म प्रॉड्यूसर्स और मल्टीप्लेक्स के मालिकों के बीच विवाद चल रहा है। हालांकि, प्रॉड्यूसर्स ने इन अफवाहों पर विराम लगा दिया है।
प्रॉड्यूसर्स और मल्टीप्लेक्स ने जारी किया संयुक्त बयान
इस मामले में फिल्म के प्रॉड्यूसर्स रोनी स्कूवाला और सिद्धार्थ रॉय कपूर के साथ-साथ पीवीआर आईनॉक्स के कमल ज्ञानचंदानी ने संयुक्त रूप से बयान जारी किया। बता दें कि कमल ज्ञानचंदानी मल्टीप्लेक्स असोसिएशन ऑफ इंडिया (एमएआई) का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने फिल्म के थिएटर में रिलीज नहीं होने की अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया। बता दें कि यह बयान प्रॉडक्शन कंपनी के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से जारी किया गया।
बयान में दी गई यह जानकारी
ट्विटर पर की गई इस पोस्ट में बताया गया कि हाल ही में एक समाचार पत्र में 'पिप्पा फॉर एन ओटीटी रिलीज' शीर्षक से खबर प्रकाशित की गई। इस आर्टिकल में पिप्पा के निर्माताओं और मल्टीप्लेक्स ऑपरेटर्स के बीच कथित मुद्दों को लेकर आरोप लगाए गए। साथ ही, फिल्म 'पिप्पा' के सिर्फ ओटीटी पर रिलीज होने की जानकारी दी गई। संयुक्त बयान में कहा गया कि प्रॉड्यूसर्स और मल्टीप्लेक्स ऑपरेटर्स के बीच किसी भी तरह का मसला नहीं है। आर्टिकल में किए गए सभी दावे बेबुनियाद हैं। हम सभी दर्शकों के लिए सिनेमाघरों में उच्च गुणवत्ता वाला कंटेंट लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। 'पिप्पा' फिल्म को बड़े पर्दे के लिए बनाया गया है और इसकी ओटीटी रिलीज की तारीख का एलान भी जल्द किया जाएगा।
सच्ची घटना पर आधारित है 'पिप्पा'
बता दें कि 'पिप्पा' एक बायोपिक है, जो ब्रिगेडियर बलराम सिंह मेहता की जिंदगी पर आधारित है। 1971 भारत-पाक युद्ध की सच्ची घटनाओं पर आधारित इस फिल्म में ईशान खट्टर वॉर हीरो का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म के डायरेक्टर राजा कृष्णा मेनन हैं। वहीं, अहम किरदारों में मृणाल ठाकुर, प्रियांशु पेंयुली और सोनी राजदान नजर आएंगे। वहीं, फिल्म के म्यूजिक इंचार्ज एआर रहमान हैं।
यह भी पढ़ें- Ajay Devgn: सलमान-शाहरुख के साथ अपनी दोस्ती पर खुलकर बोले अजय देवगन, ट्रोल्स को लेकर कह दी यह बड़ी बात