स्वतंत्रता दिवस के पास आते ही हर साल कोई ना कोई संगीतकार राष्ट्र गीत 'जन-गण-मन' के साथ कुछ ना कुछ प्रयोग करते दिखते हैं, और इस बार सोनू निगम 12 अन्य गायकों के साथ ऐसा करते नजर आएंगे। सोनू निगम ने संगीत और बॉलीवुड से जुड़े कई सवालों के जवाब दिए।
जिस तरह फिल्म के निर्देशन में बढ़ती तकनीक ने सहयोग दिया है, उसी तरह संगीत को भी तकनीक की वजह से काफी मदद मिली है। सोनू का मानना है की आज बढ़ती तकनीक की वजह से आप किसी गायक की गलतियां छुपा सकते है।
वे आगे बताते है 'कभी-कभी कम रियाज करने वालो को भी अच्छा गाना मिल जाता है और जिसने काफी रियाज किया होता है वह निराश हो जाता है।' अरीजित सिंह, अंकित तिवारी जैसे गायकों का नाम लिए बिना सोनू ने कहा कि तकनीक के चलते नए गायकों को मौका मिल रहा है लेकिन गायकी का यह दौर और ऐसे गायक लंबे समय तक बॉलीवुड में नही टिकेंगे।
'किशोर कुमार और मैं एक ही राशि के'
हाल ही में हिंदी फिल्म जगत के दो दिग्गज गायकों मोहम्मद रफी और किशोर कुमार की पुण्यतिथि और जन्मतिथि बीती है। सोनू निगम को अक्सर इन दोनों ही गायकों की परछाई कहा जाता है, ऐसे में सोनू खुद को किसके ज्यादा करीब पाते हैं?
वे कहते है, 'रफी साहब और किशोर जी की कुछ बातें हैं, जो मुझमे न जानें कैसे आ गयी, किशोर कुमार जी का जो आजाद अंदाज है वो मुझे बहुत पसंद है और हम दोनो एक ही राशि के हैं।'
सोनू ने किशोर कुमार से जुड़ी अपनी बचपन की यादों को साझा करते हुए बताया, 'मैं लगभग चार साल का था जब मैने किशोर दा के गाने पर पहली बार हरकत ली थी, वह गाना फिल्म 'दूर गगन की छांव में' का 'आ चल के तुझे मे ले के चलूं एक ऐसे गगन के तले' था।'
'मैं कहीं गायब नहीं हुआ हूं, बस प्रचार की आदत नहीं'
90 के दशक मे शाहरुख खान पर फिल्माए गए लगभग हर गाने मे आप सोनू निगम की आवाज़ सुन सकते थे वहीं आज ये आवाज कहीं गायब सी हो गयी है। इस बात पर सोनू हंसते हुए कहते हैं 'मैं कहीं गायब नही हुआ हूं, बस अपने विदेशी टूर पर थोड़ा ज़्यादा व्यस्त हूं'।
सोनू कहते हैं, 'मुझे ज़्यादा सोशल मीडिया पर अपने बारे में बताना भी पसंद नही है, इसीलिए अपने रियाज में व्यस्त रहता हूं।' वहीं सोनू के आठ वर्षीय बेटे नीवान भी गायकी की राह पर थे और उनका गाया 'कोलावेरी डी' बहुत लोकप्रिय हुआ था, आजकल नीवान कहां हैं?
इसके जवाब में सोनू ने कहा, 'वो अभी बहुत छोटा है और हम अभी से उस पर कोई दबाव नहीं डालना चाहते, जब वो करियर चुनने लायक होगा तो चुन ही लेगा।' फिलहाल सोनू जन गण मन के इस नए वर्जन के अलावा अपने आने वाले एक निजी एलबम के प्रोडक्शन में व्यस्त है जो 15 अगस्त को ही रीलीज होगा।