मल्लिका साराभाई भरतनाट्यम और कुचिपुडी की विश्व प्रसिद्ध नृत्यांगना हैं। उन्होंने नृत्य के अलावा रंगमंच, फिल्म और टीवी की दुनिया में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
मशहूर नृत्यांगना एवं अभिनेत्री मल्लिका साराभाई को केरल कलामंडलम विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है। मंगलवार को केरल सरकार ने मल्लिका साराभाई की यह नियुक्ति की है। संस्कृति मामलों के विभाग ने एक आदेश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि मल्लिका साराभाई को कलामंडलम के मेमोरेंडम ऑफ एसोसिएशन के एक खंड के अनुसार यह टॉप पोस्ट दी गई है। जिसमें जिक्र है कि कुलपति कला और संस्कृति के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित व्यक्ति होना चाहिए, जिसकी नियुक्ति प्रायोजक द्वारा की जाएगी।
बता दें कि मल्लिका साराभाई दिवंगत नृत्यांगना मृणालिनी साराभाई और अंतरिक्ष वैज्ञानिक विक्रम साराभाई की बेटी हैं। मल्लिका साराभाई भरतनाट्यम और कुचिपुडी की विश्व प्रसिद्ध नृत्यांगना हैं। मल्लिका साराभाई ने नृत्य के अलावा रंगमंच, फिल्म और टेलीविजन की दुनिया में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने खुद को एक लेखक, प्रकाशक और निर्देशक के तौर पर भी स्थापित किया है।