इम्तियाज की फिल्म का एक्सक्लूसिव फोटो
- फोटो : अमर उजाला
अपनी अदाकारी से ज्यादा फिल्में छोड़ने की खबरों के चलते सुर्खियों में बनी रहने वाले पटौदी के नवाब सैफ अली खान की बेटी सारा अली खान की तीसरी फिल्म की रिलीज डेट तय हो गई है। लव स्टोरीज के मास्टर रहे निर्देशक इम्तियाज अली की ये फिल्म अगले साल वैलेंटाइन डे पर रिलीज होगी।
फिल्म की तारीख के एलान के साथ इम्तियाज अली ने अपनी इस फिल्म का एक एक्सक्लूसिव फोटो भी अमर उजाला के साथ साझा किया है। दरभंगा, बिहार से निकलकर हिंदी सिनेमा में अपने खास तरह के सिनेमा से अलग पहचान बनाने वाले 47 वर्षीय इम्तियाज अली ने अपने करियर में बेहतरीन फिल्में बनाई हैं।
'जब वी मेट', 'लव आजकल', 'रॉक स्टार', 'हाईवे' और 'तमाशा' जैसी उनकी फिल्मों ने हिंदी सिनेमा को शाहिद कपूर से लेकर आलिया भट्ट, रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण की अदाकारी के कुछ बेहतरीन आयामों से परिचित कराया है।
शाहरुख खान के साथ 'जब हैरी मेट सेजल' बनाकर तगड़ा कारोबारी घाटा उठाने वाले इम्तियाज एक बार फिर नए कलाकारों पर दांव खेल रहे हैं। कार्तिक आर्यन और सारा अली खान उनकी अगली फिल्म के लीड कलाकार हैं।