आम तौर पर फिल्म इंडस्ट्री में दोस्ती-दुश्मनी साथ चलती है। लेकिन ऋतिक रोशन और करीना कपूर के बीच कड़वाहट इस हद तक पहुंच गई है कि वे एक-दूसरे को देखना तक नहीं चाहते। यही कारण है कि अमेरिका में ऋतिक ने जब पूरे बॉलीवुड को अपनी पार्टी में बुलाया तो वहीं मौजूद सैफ-करीना को निमंत्रण तक नहीं दिया।
ये रिश्ते आज इस कदर बिगड़े हैं। कभी ऐसा भी समय था जब ऋतिक की पत्नी सुजैन खान ऋतिक और करीना कपूर के रिश्ते को लेकर असहज रहती थीं। वह इतनी असहज थीं कि उन्होंने करीना और ऋतिक के साथ काम करने पर ही प्रश्न खड़ा कर दिया था।
पर दूर नहीं हुई खटास
यूं तो ऋतिक रोशन और करीना कपूर का इतिहास फिल्मी दुनिया को पता है। एक समय दोनों बहुत नजदीक थे, लेकिन फिर दूर हो गए। मगर पिछले साल ऐसा लगने लगा था कि दोनों के बीच की कड़वाहट फिल्म ‘शुद्धि’ के साथ खत्म हो जाएगी। परंतु यह हो न सका क्योंकि शूटिंग शुरू होने के मात्र दो महीने पहले ऋतिक ने फिल्म छोड़ दी और करीना को भी निर्माता करन जौहर ने बाहर का रास्ता दिखा दिया।
अब बात इससे कहीं आगे पहुंच चुकी है। ऋतिक-करीना के बीच रिश्ते कितने खराब हो चुके हैं लोगों को तब पता चला जब हाल में फ्लोरिडा में एक अवार्ड शो के बाद इस हीरो ने फिल्मी दुनिया की तमाम हस्तियों के लिए पार्टी रखी। इस पार्टी में वहां मौजूद बॉलीवुड का हर ऐक्टर था, सिवा करीना कपूर और उनके पति सैफ अली खान को छोड़ कर। असल में ऋतिक ने इस ‘नवाबी जोड़े’ को पार्टी में बुलाया ही नहीं था।
करीना के बारे में अफवाहें
पार्टी में मौजूद फिल्मी सूत्रों के अनुसार ऋतिक ने समारोह के बाद होटल हिल्टन में स्वीमिंग पूल के किनारे एक जोरदार पार्टी दी, जिसमें उन्होंने विवेक ओबेराय से लेकर शाहिद कपूर और बिपाशा बसु से लेकर प्रियंका चोपड़ा तक हर ऐक्टर को बुलाया। जश्न मनाया।
उल्लेखनीय है कि प्रियंका चोपड़ा जो कि ऋतिक से बीच में नाराज हो गई थीं, वह तक इस पार्टी में थीं। बताया जा रहा है कि ऋतिक को यह खबर लग थी कि उनके ‘शुद्धि’ छोड़ने के बाद करीना ने उनके बारे में क्या-क्या बातें इंडस्ट्रीवालों से कही थी। ऋतिक को कुछ बातें अच्छी नहीं लगी और वे नाराज हो गए।
करीना के साथ सैफ से भी दूरी
ऐसा नहीं है कि कि ऋतिक और सैफ एक-दूसरे से परिचित नहीं हैं। वे एक-दूसरे को खूब जानते हैं। दोनों ने ‘ना तुम जानो ना हम’ में साथ काम किया था। इस घटना के बाद लोगों को आश्चर्य हो रहा है कि ऐसा क्या हो गया कि ऋतिक ने सैफ और करीना को नहीं बुलाया। फिल्मों में कभी कभार नाराजगी तो चलती रहती है। इसके बावजूद लोग एक-दूसरे को अपने जश्न में शामिल करना नहीं भूलते। आखिर वो कौन सी बात है तो ऋतिक भूल नहीं पा रहे हैं?