हीरोइनों के बीच ‘वार’ फिल्म इंडस्ट्री में चलते रहते हैं और लोगों को उनका पता भी होता है। लेकिन ऐसा कम होता है कि दो हीरो आमने-सामने हों। फिलहाल ऐसा हो रहा है। पर्दे के सुपरहीरो ‘कृष’ और खलनायक ‘रा.वन’ के बीच यह मुकाबला चल रहा है, लेकिन दोनों ही पक्ष खुल कर सामने नहीं आ रहे।
जब दो दोस्त दुश्मन बन जाते हैं तो लड़ाई में सारी अच्छी-बुरी सीमाएं लांघ जाते हैं। इन दिनों ऋतिक रोशन और अर्जुन रामपाल के बीच ऐसा ही कुछ चल रहा है। हालांकि सीधे तौर पर तो नहीं, लेकिन पर्दे के पीछे से वे एक-दूसरे पर वार कर रहे हैं। उनके हमले निजी भी हैं और एक-दूसरे के कैरियर को नुकसान पहुंचाने वाले भी।
तलाक के पीछे अर्जुन
उल्लेखनीय है कि ऋतिक रोशन के पिछले साल पत्नी सुजैन से अलगाव के कारण के रूप में अर्जुन रामपाल का नाम भी आया था! कहा गया था कि अर्जुन के प्रति आकर्षण और नजदीकियों के कारण सुजैन का ऋतिक जैसे हैंडसम हसबैंड से ब्रेक-अप हो गया।
लेकिन अब तस्वीर कुछ और है। सूत्रों पर भरोसा करें तो ऋतिक और अर्जुन के खेमे जमकर उल्टी-सीधी बातें फैला रहे हैं। नफरत यहां तक पहुंच चुकी है कि शनिवार को सोशल नेटवर्किंग साइटों पर ऋतिक रोशन की मृत्यु की घोषणा कर दी गई और उन्हें श्रद्धांजलि तक दिलवा दी गई। ऋतिक के बारे में यह खबर फैलते ही उनके चाहने वालों में हलचल मच गई।
लेकिन कुछ लोगों ने चुटकियां भी लीं कि भगवान ऋतिक की आत्मा को शांति प्रदान करे और अर्जुन रामपाल को सुजैन को भी। स्थिति यह बनी कि ऋतिक के निजी स्टाफ को अगले दिन आधिकारिक सूचना जारी करनी पड़ी कि वह अफवाहों के शिकार हो गए हैं।
फिल्म की वजह से अनबन
असल में यह सब मीडिया में आई उस खबर के बाद हुआ, जिसमें कहा गया था कि इन दिनों बन रही फिल्म ‘रॉय’ में रणबीर कपूर की बढ़ती भूमिका के कारण अर्जुन नाराज हैं। शुरुआत में कहा गया था कि इस फिल्म के हीरो अर्जुन रामपाल हैं और रणबीर मेहमान कलाकार के रूप में नजर आएंगे। परंतु अब चर्चा है कि रणबीर फिल्म के मुख्य हीरो हैं। इस बात से अर्जुन रणबीर से नाराज बताए जा रहे हैं।
अब इस लड़ाई में अर्जुन ने अपने पीआर के माध्यम से मीडिया में अपना पक्ष रखा है। जिसमें कहा गया है कि कुछ लोग लगातार उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। वे गलत खबरें मीडिया में प्रसारित कर रहे हैं। अर्जुन के नजदीकियों के अनुसार जब ‘रॉय’ के निर्देशक विकी सिंह सारी गलतफहमियों की खबरों को नकार चुके हैं तो इन बातों को तूल देने का क्या मतलब?
सिंह का कहना है, ‘अर्जुन स्क्रिप्ट तैयार करने के स्तर से मेरे साथ जुड़े रहे हैं और उन्होंने इस काम में बहुत मदद की है। जैसा कि हर स्क्रिप्ट में होता है, उसमें सुधार के साथ कई बार किरदारों में भी थोड़ा-फेरबदल हो जाता है, वह ‘रॉय’ की स्क्रिप्ट में भी हुआ। रणबीर के रोल को लेकर उनमें नाराजगी की बात पूरी तरह गलत है।’
बीवी की वजह से भी टकराव
उल्लेखनीय है कि पिछले महीने भी अर्जुन और ऋतिक की प्रतिद्वंद्विता की खबरें थीं, जिनमें कहा गया था कि बच्चों के स्कूल के स्पोर्ट्स डे पर दोनों में दौड़ का मुकाबला हुआ। इस दौड़ में सबकी उम्मीदों के विपरीत अर्जुन ने ‘पर्दे के सुपरहीरो’ को हरा दिया।
लेकिन इस खबर के साथ यह भी बात मीडिया में आई कि शायद अर्जुन ताकत और क्षमता बढ़ाने की दवाएं (ड्रग्स) लेते हैं, इस कारण वह ऋतिक को हराने में कामयाब हुए। साफ था कि ड्रग्स से अर्जुन का नाम जोड़ कर उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया गया। उस वक्त भी अर्जुन ने मीडिया में अपना पक्ष रखते हुए कहा था कि उन्होंने जीवन में कभी यह गलत काम नहीं किया।
बदनाम करने की भी जंग
वैसे आश्चर्य की बात यह है कि एक तरफ जहां अर्जुन और ऋतिक के बीच यह एक-दूसरे को बदनाम करने की जंग चल रही है, वहीं उनकी पत्नियों के बीच दोस्ती में कहीं कमी नहीं आई हैं। हालांकि ऋतिक-सुजैन के अलगाव में अर्जुन का नाम आने से उनके बीच थोड़ा तनाव पैदा हुआ था, लेकिन अब सब ठीक बताया जा रहा है।
कुछ दिनों पहले ही सुजैन और मेहर रामपाल बांद्रा के एक देर रात तक खुले रहने वाले रेस्तरां में हंसते-खिलखिलाते बतियाते देखी गई थीं। सुजैन के बुटीक के उद्घाटन के मौके पर भी अर्जुन अपनी पत्नी के साथ वहां गए थे।
बताया जाता है कि ऋतिक को जितना धक्का सुजैन से ब्रेक-अप का नहीं लगा, उससे ज्यादा धक्का अर्जुन का नाम इस प्रकरण में आने से लगा क्योंकि लोगों को पूरे मामले में नमक-मिर्च लगाने का मौका मिल गया। अब देखना यह है कि दोनों तफर से चल रहे बाणों में अगली बार घायल कौन होता है?