इस शुक्रवार को रिलीज हुई 'द जंगल बुक' कमाई के मामले में बड़े-बड़े सितारों की फिल्मों पर भारी पड़ रही है। इस साल रिलीज हुई नीरजा, कपूर एंड संस और की एंड का जैसी फिल्में द जंगल बुक से कमाई के मामले में पिछड़ गई हैं। हॉलीवुड फिल्म द जंगल बुक पहले दिन से ही दर्शकों और समीक्षकों दोनों को खूब भा रही है। इस हफ्ते और पिछले हफ्ते रिलीज हुई फिल्मों की कमाई जंगल बुक के आने के बाद ठहर सी गई है।
जंगल बुक ने पहले दिन (शुक्रवार) 10.09 करोड़ की कमाई के साथ शानदार शुरुआत की। फिल्म को समीक्षकों ने जिस तरह से सराहा उससे साफ हो गया कि शनिवार और रविवार को फिल्म की कमाई में तगड़ी बढ़ोत्तरी दर्ज होगी। रिलीज के बाद छुट्टी के दिन होने के चलते शनिवार और रविवार को फिल्मों की कमाई में अमूमन बढ़त दर्ज की जाती है।
फिल्म ने शनिवार को शुक्रवार की कमाई के मुकाबले 33.89 फीसदी की बढ़त दर्ज करते हुए 13.51 करोड़ की कमाई की। पहले दो दिन में 23.60 करोड़ कमाने के बाद रविवार को फिल्म से बढ़िया कमाई की उम्मीद फिल्मी पंडितों को थी। लेकिन फिल्म ने रविवार को जिस तरह से कमाई की उसकी उम्मीद तो फिल्म बिजनेस को जानकारों को भी नहीं रही होगी।