सौरभ कहते हैं कि सिनेमाघरों में प्रवेश लेने के पहले कोरोना काल से पूर्व सिर्फ लोगों की जांच होती थी। लेकिन, अब उनके शरीर के तापमान को भी मापा जाएगा। अगर किसी का तापमान बढ़ा हुआ है तो उसे अंदर जाने की इजाजत नहीं होगी। इसके बाद लोग अपने आप को सैनिटाइज करेंगे। अंदर जाने के बाद सैनिटाइजर की व्यवस्था हर उस जगह पर होगी जहां सिनेमाघरों में भीड़ जमा होती है। टिकट की ज्यादातर व्यवस्था ऑनलाइन ही होगी। अगर कोई ऑनलाइन टिकट निकालने में सक्षम नहीं है तो वह काउंटर से भी स्वतः टिकट निकाल सकता है।
खाने के लिए ऑर्डर भी ऑनलाइन ही लिया जाएगा और सिनेमाघर परिसर में काम कर रहे लोग इसमें उनका पूरा सहयोग करेंगे। प्रेक्षागृह में दर्शकों के बैठने की व्यवस्था भी एकदम नई है। हर दो लोगों के बीच में एक सीट खाली छोड़ी जाएगी। और, जिसको जो सीट मिलेगी, दर्शक उसी सीट पर बैठेंगे। हर दो शो के बीच में पूरे ऑडिटोरियम को सैनिटाइज किया जाएगा। उसके बाद दूसरा शो चालू होगा। आईनॉक्स के सिनेमाघर पूरे भारत में हैं इसलिए देश के सभी सिनेमाघरों में व्यवस्था भी एक जैसी ही रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था तो ठीक है लेकिन जब सिनेमाघर खुल जाएंगे तो उसमें दिखाने के लिए सिनेमाघर के पास सामग्री क्या रहेगी?
इस पर सौरभ कहते हैं, 'आने वाले समय में दुर्गा पूजा शुरू होने वाली है। ऐसे में बंगाल में तीन चार फिल्में रिलीज होने वाली हैं। उन फिल्मों को हम अपने यहां पर रिलीज करेंगे। इसके अलावा एक गुजराती फिल्म 'हेलारो' को भी हम रिलीज करेंगे। 'माय स्पाई' एक हॉलीवुड फिल्म है। उसे भी हम अपने यहां रिलीज करने वाले हैं। इसके अलावा कई और हॉलीवुड की फिल्में हैं जिन्हें हम अपने सिनेमाघरों में रिलीज करने वाले हैं। जब धीरे-धीरे लोग आना शुरू होंगे तो फिल्मों की गिनती भी बढ़ती चली जाएगी। जब महाराष्ट्र और तमिलनाडु जैसे राज्यों में भी सिनेमाघर खुल जाएंगे तो 'सूर्यवंशी', '83', 'टेनेट' जैसी बड़ी फिल्मों को भी सिनेमाघरों में जगह मिलेगी। इससे लोग भारी मात्रा में सिनेमाघरों की ओर बढ़ेंगे। आशा है कि शुरुआत ही अच्छे से हो जाए।'
सौरभ ने कहा, 'वैसे भी हाल ही में कई बड़ी-बड़ी फिल्मों की घोषणा हुई है और एक साथ कई बड़े छोटे कलाकारों ने अपनी रुकी हुई फिल्मों की भी शूटिंग शुरू कर दी है। मुझे लगता है कि आने वाले नजदीकी समय में नई फिल्मों की बाढ़ आएगी। हर अभिनेता यही चाहता है कि उसकी फिल्म सिनेमाघरों में ही रिलीज हो। इसलिए, सिर्फ शुरुआती दौर में सामग्री की कमी रहेगी। लेकिन, बाद में फिल्मों की भरमार होने वाली है।'
पढ़ें: खांसी आने पर मनीषा कोइराया ने कराया कोरोना टेस्ट, ये आई रिपोर्ट