संजय दत्त की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'पुलिसगीरी' संजय दत्त के जेल जाने के बाद रिलीज होगी। 5 जुलाई को रिलीज हो रही इस फिल्म के पहले दो पोस्टर जारी कर दिए गए हैं।
जारी हुए इन पहले दो पोस्टरों में संजय दत्त अलग-अलग गेटअप में दिख रहे हैं। एक पोस्टर में संजय दत्त पुलिस की वर्दी में हैं। उनके दोनों हाथों में बंदूक है और वह यह बंदूक दो अपराधियों पर ताने हुए हैं।
दूसरे पोस्टर में संजय दत्त लाल कुर्ते पर दिख रहे हैं। इस में उनके हाथ में लोहे का एक हसिया है। पोस्टर से इस बात के संकेत मिल रहे हैं कि संजय दत्त के इस फिल्म में दो रूप दिखेंगे।
यह दोनों ही पोस्टर संजय दत्त के सोलो पोस्टर हैं। इन पोस्टरों में किसी भी और कलाकार को जगह नहीं मिली है।
केएस रवि कुमार निर्देशित यह फिल्म पांच जुलाई को रिलीज होगी। इस फिल्म में संजय दत्त के साथ प्राची देसाई की मुख्य भूमिका है। इनके अलावा प्रकाश राज और ओम पुरी भी फिल्म में नजर आएंगे।
यह फिल्म तमिल की हिट फिल्म 'सामी' का हिंदी रीमेक है।