प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लता दीनानाथ पुरस्कार से सम्मानित किया गया था, साथ ही ट्रस्ट की तरफ से उन्हें एक लाख रुपये नगद राशि भी प्रदान की गई थी। अब इस राशि को पीएम केयर्स फंड में दान करने का फैसला किया गया है।
पंडित दीनानाथ मंगेशकर की पुण्यतिथि पर स्वर कोकिला लता मंगेशकर की याद में लता दीनानाथ पुरस्कार का आयोजन किया गया था और सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इस सम्मान के साथ ही पीएम मोदी को साथ में एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार भी दिया गया था, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसी धर्मार्थ संस्थान को दान करने का अनुरोध किया था। इसके बाद अब इस रकम को ट्रस्ट की तरफ से पीएम केयर्स फंड में दान करने का फैसला किया गया है। इसकी जानकारी दिवंगत गायिका लता मंगेशकर के भाई हृदयनाथ मंगेशकर के द्वारा दी गई है।
विज्ञापन
प्रधानमंत्री मोदी ने पत्र लिख किया था अनुरोध
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गायिका लता मंगेशकर के भाई हृदयनाथ मंगेशकर को पत्र लिखकर अनुरोध किया था कि पुरस्कार के साथ मिले 1 लाख रुपये को चैरिटी के लिए दे दिया जाए। ताकि उस राशि का उपयोग दूसरों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए किया जा सके। इसके अलावा पीएम मोदी ने इस सम्मान के लिए मंगेशकर परिवार का आभार व्यक्त किया और साथ ही पत्र के जरिए लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि भी दी थी।
हृदयनाथ मंगेशकर ने ट्वीट कर दी जानकारी
प्रधानमंत्री मोदी के अनुरोध के बाद हृदयनाथ मंगेशकर ने इस राशि को पीएम केयर्स फंड में दान करने का फैसला किया है और ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल से लिखा, "हमारे माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा पहली बार लता दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार के नकद पुरस्कार घटक को दान करने का ऐसा सुंदर और नेक भाव! हमारे ट्रस्ट ने इसे पीएम केयर्स फंड में दान करने का फैसला किया है"।