अबू धाबी में होने जा रहे आईफा अवॉर्ड्स के 22वें सीजन को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। इस इवेंट में बॉलीवुड एक्टर शाहिद कपूर परफॉर्म करने वाले हैं। इस बारे में शाहिद ने कहा, 'आईफा हमेशा मेरे दिल के करीब रहा है और इस साल मैं आईफा अवार्ड्स के 22वें संस्करण में परफॉर्म करने के लिए काफी उत्साहित हूं और उत्सुक हूं। उन्होंने कहा कि इस इवेंट के लिए एतिहाद एरिना से बेहतर जगह और कोई नहीं हो सकती।
स्थगित कर दिया गया था आईफा
बता दें कि राष्ट्रपति शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान के निधन के बाद आईफा को स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद इवेंट की नई डेट भी सामने आ गई थी, जिसके अनुसार आयोजन 14-16 जुलाई तक होना था, लेकिन कुछ ही समय बाद एक बार फिर आईफा अवॉर्ड्स की नई तारीख की घोषणा कर दी गई। अब नई तारीख के अनुसार यह आयोजन 2-4 जून के बीच यस आइलैंड अबू धाबी में होगा।
सलमान खान करेंगे आईफा 2022 को होस्ट
जानकारी के मुताबिक आईफा अवॉर्ड्स को इस बार सलमान खान, रितेश देशमुख और मनीष पॉल होस्ट करने वाले हैं। वहीं, इस बार अवॉर्ड के लिए नौ कैटेगरी शामिल की गई हैं, जिसमें साउंड डिजाइन, स्क्रीनप्ले, एडिटिंग, सिनेमैटोग्राफी, कोरियोग्राफी, साउंड मिक्सिंग, डायलॉग, बैकग्राउंड स्कोर और स्पेशल इफेक्ट्स (विजुअल) श्रेणी हैं।
लंबे समय के बाद आईफा में सजेगी सितारों की महफिल
गौरतलब है कि आईफा अवॉर्ड हिंदी फिल्मों के प्रतिष्ठित अवॉर्ड समारोह में से एक है। इसका आयोजन हर साल दुनिया में अलग-अलग हिस्सों में किया जाता है। इस बार अवॉर्ड्स नाइट के लिए यूएई के यस आइलैंड को चुना गया है। लंबे समय के बाद अब जल्द ही अबू धाबी में बॉलीवुड के सितारों की महफिल सजेगी।