टीवी चैनल स्टार भारत पर अचानक से एक संकट आन पड़ा है। बीते बुधवार को ही चैनल ने अपने एक आने वाले धारावाहिक 'एक्सक्यूज मी मैडम' का प्रोमो रिलीज किया और बृहस्पतिवार को ही इस शो में मुख्य भूमिका निभाने वाले अभिनेता राजेश कुमार को कोरोना वायरस से पीड़ित पाया गया है। इस समय राजेश अपने घर पर क्वारंटीन हैं और इस शो की शूटिंग भी फिलहाल के लिए रोक दी गई है।
सूत्रों के हवाले से मिली खबर के मुताबिक राजेश पिछले कुछ दिनों से थोड़ी कमजोरी महसूस कर रहे थे। इसके बावजूद इस शो के निर्माता उनसे काम करवाते रहे। अब जब उन्होंने अपना परीक्षण करवाया तो वह कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। पिछले कुछ दिनों में सेट पर उनके साथ काम करने वाले सभी कलाकारों और कर्मचारियों का भी परीक्षण हो रहा है। राजेश ने बीते बुधवार तक शूटिंग की है और अब इस शो की शूटिंग बंद है।
चैनल ने इस धारावाहिक का एक प्रोमो बीते बुधवार को ही रिलीज किया है। यह एक कॉमेडी ड्रामा शो है जिसमें राजेश कुमार के साथ नायरा बैनर्जी और सुचेता खन्ना मुख्य भूमिकाओं में हैं। निर्माता इस शो को अगले महीने के मध्य तक टीवी पर प्रसारित करने की योजना बना रहे थे। अब जब इस घटना की वजह से शो की शूटिंग बंद हो गई है तो अब वह इसके प्रसारण के लिए कुछ नई तारीखों का चुनाव कर सकते हैं। राजेश तो फिलहाल अपने घर पर क्वारंटीन में हैं और जाहिर है कि ठीक होने के बाद ही वापसी कर पाएंगे।
राजेश कुमार ने टीवी के कई धारावाहिकों में काम किया है। उन धारावाहिकों में साराभाई वर्सेस साराभाई, प्रीतम प्यारे और वो, नीली छतरी वाले, यम किसी से कम नहीं आदि शामिल हैं। धारावाहिक 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' के सेट पर भी बीते सोमवार को एक साथ सात लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया। इन सात लोगों में तीन कलाकार और चार कर्मचारी शामिल हैं। इन सभी का इलाज चल रहा है। बीते सोमवार से शूटिंग बंद रहने के बाद अब इस शो की शूटिंग इस शुक्रवार से शुरू हो सकती है।
पढें: ऐसे शुरू हुआ था रिया चक्रवर्ती और सुशांत सिंह राजपूत का रिश्ता, अभिनेत्री बोलीं- 'क्या पता था I LOVE YOU की सजा ऐसे काटनी पड़ेगी'