2015 में ईशा देओल की दो फिल्में रिलीज हुई थीं। इनमें भी एक कन्नड़ फिल्म थी जबकि हिंदी फिल्म 'किल दैम यंग' कब आई और कब चली गई इसकी किसी को भनक भी नहीं लग सकी। अब एक बार फिर ईशा देओल लंबे गैप के बाद सिल्वर स्क्रीन पर धूम मचाने की हसरत लिए हुए लौट रही हैं।
उनकी आने वाली फिल्म 'केकवॉक' का फर्स्ट लुक जारी हो गया है। इसका निर्देशन राम कमल मुखर्जी और अभ्रा चक्रवर्ती ने किया है। केकवॉक के पोस्टर में ईशा शेफ की यूनीफॉर्म में ही नजर आ रही हैं। आपको याद होगा कि हाल ही में सैफ अली खान की भी एक फिल्म 'शेफ' रिलीज हुई थी। इसमें सैफ भी शेफ की भूमिका में ही नजर आए थे और अब ईशा देओल भी शेफ के रूप में स्क्रीन पर अवतरित होने जा रही हैं। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि ईशा का ये नया अवतार दर्शकों को कितना भाता है।
2002 में 'कोई मेरे दिल से पूछे' के जरिए अपना बॉलीवुड डेब्यू करने वाली ईशा की पिछली फिल्मों पर नजर डालें तो इनमें केवल 'धूम' और 'युवा' ही याद रह जाती हैं। हालांकि इन्हें भी अकेले ईशा देओल की फिल्में नहीं कहा जा सकता। अपनी मां हेमा मालिनी की तरह भारतीय सिनेमा पर अपना प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहीं ईशा की केकवॉक उनके करिअर में क्या कमाल दिखाती है ये देखना दिलचस्प रहेगा।