पश्चिम बंगाल (West Bengal) के सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों के मालिकों ने राज्य सरकार से अनुरोध किया है कि उन्हें हॉल की सभी सीटों को भरने की अनुमति दी जाए। उन्होंने आय का हवाला देते हुए अपनी बात रखी है। सिनेमाघर के मालिक और ईस्टर्न इंडिया मोशन पिक्चर्स एसोसिएशन (eastern india motion pictures association) के वरिष्ठ सदस्य रतन साहा ने कहा कि सिनेमा घरों में दर्शकों की कम संख्या के कारण फिल्म निर्माता बंगाल में फिल्में रिलीज करने में हिचक रहे हैं।
बता दें, फिलहाल सिनेमाघरों को अधिकतम 50 प्रतिशत सीटों के उपयोग की अनुमति है। अक्टूबर में सिनेमाघर खुलने के बाद से कई फिल्में रिलीज हुई हैं, लेकिन हालात में कोई बदलाव नहीं हुआ है। यहां तक कि क्रिसमस और नए साल पर भी दर्शक सिनेमाघरों में नहीं आए।
रतन साहा ने कहा कि ‘हमारा मानना है कि अधिकतम 50 प्रतिशत सीटों की शर्त समाप्त करने से हमें कम से कम सिनेमाघर के संचालन पर होने वाला खर्च पूरा करने में मदद मिलेगी।’ उन्होंने कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से अनुरोध किया गया है और सिनेमाघरों के मालिकों ने लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कोविड-19 प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने का फैसला लिया है।