पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने स्क्रीन राइटर-निर्माता और अभिनेता नरेश कथूरिया इन दिनों हिंदी फिल्म 'ड्रीम गर्ल 2' को लेकर चर्चाओं में हैं। आयुष्मान खुराना और अनन्या पांडे स्टारर इस फिल्म के साथ कथूरिया बतौर स्क्रीन राइटर अपनी बहुप्रतीक्षित बॉलीवुड शुरुआत करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हालांकि, फिल्म रिलीज से पहले ही कथूरिया ने मूवी के निर्माताओं को कानूनी नोटिस भेज दिया है। इसके पीछे का कारण भी चौंकाने वाला है।
दरअसल, नरेश कथूरिया ने 'ड्रीम गर्ल 2' के निर्माताओं को कानूनी नोटिस भेजा है। इसके पीछे का कारण ट्रेलर के क्रेडिट स्लेट में उनका नाम न होना है। नोटिस के अनुसार, नरेश ने फिल्म का स्क्रीनप्ले लिखा, जिसे थिंकिंक पिक्चर्ज, बालाजी टेलीफिल्म्स, पेन मरुधर सिने एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड और जी सिनेमा द्वारा संयुक्त रूप से निर्मित किया गया है। नोटिस में कहा गया है कि राइटर एग्रीमेंट के तहत, निर्माताओं और नरेश ने फैसला किया था कि उनका नाम क्रेडिट स्लेट में उल्लेख किया जाएगा, जो सभी प्रिंट मीडिया, ट्रेलर और सभी प्रचार, विज्ञापन, विपणन सामग्री में होगा।
नरेश कथूरिया का कहना है कि क्रेडिट अनुमोदन के लिए इसे लेखक के पास भेजा गया था, जहां निर्माता ट्रेलर के 'स्टोरी बाय' क्रेडिट सेक्शन में निर्देशक राज शांडिल्य का नाम जोड़ना चाहते थे। यह बताए जाने के बावजूद कि यह सभी को गुमराह करेगा, क्योंकि कहानी निर्देशक की नहीं है, नाम हटाया जाना कथूरिया के लिए एक झटका था। इतना ही नहीं ट्रेलर में उनका नाम राज के नाम के साथ बदल दिया गया। साथ ही कथूरिया को यूट्यूब पर ट्रेलर के नीचे वीडियो विवरण में भी क्रेडिट नहीं दिया गया।
Nora Fatehi: 'सिर्फ चार लड़कियां ही कर रहीं फिल्में', लीड रोल न मिलने पर भड़कीं नोरा फतेही
नोटिस में कहा गया है कि काम का क्रेडिट न मिलने की वजह से नरेश की प्रतिष्ठा, सद्भावना और फिल्म इंडस्ट्री में उनके इमेज को अपरिवर्तनीय क्षति पहुंची है। कथूरिया ने न सिर्फ ट्रेलर में बल्कि फिल्म में और इसके सभी प्रचार, विज्ञापन और विपणन में क्रेडिट की मांग की है। इतना ही नहीं लेखक राइटर एग्रीमेंट का उल्लंघन करने और प्रतिष्ठा की हानि, अवसर हानि, शर्मिंदगी और मानसिक पीड़ा के कारण हुए नुकसान के लिए कथूरिया 10 करोड़ रुपये की राशि भी चाहते हैं। 'ड्रीम गर्ल 2' की बात करें तो यह 25 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।