भोजपुरी सिनेमा के मशहूर अभिनेता और हाल ही में आजमगढ़ के नवनिर्वाचित सांसद बने दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ के बड़े भाई का गुरुवार को कार एक्सीडेंट हो गया। विजय लाल यादव उर्फ बिरहा सम्राट लखनऊ जाने के दौरान इस हादसे का शिकार हुए। हादसे में घायल हुए अभिनेता के भाई की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस हादसे में उन्हें काफी गंभीर चोटें भी आई हैं।
बड़े भाई की कार के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी खुद अभिनेता निरहुआ ने ट्विटर के जरिए दी। अपने भाई की हेल्थ अपडेट देते हुए उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद उन्हें तुरंत वेदांता हॉस्पिटल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। इसके साथ ही अभिनेता ने अपने सभी फैंस से उनके भाई के जल्द ही स्वस्थ होने की कामना करने की भी अपील की।
खबरों की मानें तो विजय लाल यादव की फॉर्च्यूनर काफी तेज गति में जा रही थी। इसी दौरान ड्राइवर संतुलन खो बैठा और तेज रफ्तार कार डिवाइडर से जा टकराई। डिवाइडर से हुई भिड़ंत की वजह से कार हवा में 20 मीटर तक ऊपर उछल गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार पलट गई और उसके परखच्चे उड़ गए। इतना ही नहीं रिपोर्ट की मानें तो जिस डिवाइडर से कार टकराई वह भी टूट गया है।