यूसुफ खान उर्फ दिलीप कुमार का 7 जुलाई की सुबह निधन हो गया था। दिलीप कुमार के निधन पर बॉलीवुड स्टार्स के साथ साथ देश की नामचीन हस्तियों ने भी दुख जाहिर किया था। प्रधानमंत्री मोदी, राहुल गांधी, उद्धव ठाकरे जैसे तमाम राजनेताओं ने सायरा बानो को ढांढस बंधाया और दिलीप साहब के गुजर जाने पर शोक प्रकट किया था। तमाम फिल्मी सितारों के साथ साथ फैंस ने भी दिलीप साहब को अपने अपने स्तर पर श्रद्धांजलि अर्पित की थी। अब साहब के प्रवक्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया है।
दरअसल, फैसल फारूकी ने दिलीप साहब के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से एक वीडियो साझा की है और फैंस का आभार व्यक्त किया है। फैसल फारूकी ने वीडियो ट्वीट करते हुए कहा, 'इस वीडियो के माध्यम से मैं आप सभी का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। बीते दिनों में आप सभी लोगों के दिलीप साहब तमाम संदेश, प्रार्थनाएं और सांत्वनाएं मिलीं जिसका मैं व्यक्तिगत तौर पर सम्मान करता हूं। हमें लाखों संदेश मिले फेसबुक पर, ट्विटर पर, इंस्टाग्राम पर, न्यूज आर्टिकल्स के माध्यम से, सभी जगह साहब के लिए आपकी अत्यंत मोहब्बत महसूस हुई।'