देश के मशहूर मॉडल और फैशन डिजाइनरों में शामिल मनीष मल्होत्रा ने फिल्म ‘स्वर्ग’ से बाकायदा फिल्मों में काम शुरू किया। इस फिल्म में वह जूही चावला के ड्रेस डिजाइनर थे। इसके बाद मनीष को फिल्म ‘वक्त हमारा है’ में आयशा जुल्का, फिल्म ‘गुमराह’ में श्रीदेवी, फिल्म ‘ये दिल्लगी’ में काजोल और फिल्म प्रेम में ‘तब्बू’ का फैशन डिजाइनर बनने का मौका मिला। लेकिन, साल 1995 में रिलीज हुई फिल्मों ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ में काजोल और फिल्म ‘रंगीला’ में उर्मिला मातोंडकर के लिए डिजाइन किए गए उनके परिधानों ने उन्हें स्टार बना दिया। इन दोनों फिल्मों के लिए डिजाइन किए उनके कॉस्ट्यूम फैशन स्टेटमेंट बन गए थे।
मनीष मल्होत्रा के डिजाइनों की सबसे बड़ी खासियत ये रही है कि इनका चलन इनके पहली बार प्रयोग में आने के बरसों बाद तक रहा। फिल्म ‘सोल्जर’ में प्रीति जिंटा, फिल्म ‘कहो ना प्यार है’ में ऋतिक रोशन, फिल्म ‘हमारा दिल आपके पास है’ में ऐश्वर्या राय ने जो कुछ पहना वह आज तक लोगों को भाता है। फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' से लेकर 'कल हो ना हो' और 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' तक वह फैशन किंग बने रहे। लेकिन, फिल्म 'कलंक' तक आते आते उनका तिलिस्म कमजोर पड़ने लगा। दिलचस्प बात ये है कि मनीष को जो पहली फिल्म बतौर निर्देशक बनने जा रही है, वह भी जानकारी के मुताबिक ‘कलंक’ की तरह ही एक पीरियड लव स्टोरी है।
करीब 15 साल से फिल्म निर्देशन में उतरने की तैयार कर रहे मनीष मल्होत्रा एक किताब लिखने का सपना भी अरसे से पाले हुए हैं। लेकिन, इस बार उन्होंने एक कहानी लिखी और अपने दोस्त करण जौहर को सुनाई। करण को कहानी पसंद आई और उन्होंने इसे एक फिल्म में तब्दील करने का फैसला कर लिया है। धर्मा प्रोडक्शंस के सूत्र बताते हैं कि मनीष मल्होत्रा की डेब्यू फिल्म को शानदार बनाने के लिए करण जौहर कोई कमी नहीं छोड़ रहे हैं। धर्मा के दफ्तर में इन दिनों लेखकों की एक टीम दिन रात इस प्रोजेक्ट पर लगी रहती है।