ब्रिटिश एडवेंचरर शो 'मैन वर्सेज वाइल्ड' के प्रस्तोता बेयर ग्रिल्स और चार अन्य लोगों को दिल्ली हाईकोर्ट के द्वारा समन जारी किया गया है। यह समन उन्हें कॉपीराइट उल्लंघन मामले में भेजा गया है। यह समन भारतीय पटकथा लेखक द्वारा दायर एक मुकदमे के बाद जारी किया गया है, जिसमें दावा किया गया था कि मूल साहित्यिक कृति में उनके कॉपीराइट का उल्लंघन 'गेट आउट अलाइव विद बेयर ग्रिल्स' शो द्वारा किया गया था।
न्यायमूर्ति अनिल बंसल ने अन्य प्रतिवादियों, एनबीसी यूनिवर्सल इंक और इसके उपाध्यक्ष टॉम शेली, वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी, ओटीटी प्लेटफार्म हॉटस्टार, द वॉल्ट डिज्नी और नेट जियो इंडिया को भी समन जारी किया है। उच्च न्यायालय ने प्रतिवादियों को अपने लिखित बयान दर्ज करने के लिए निर्देश दिया है और 22 फरवरी 2024 को आगे की सुनवाई की जाएगी।
मूल कॉपी राइट रचना के उल्लंघन का आरोप
वादी पक्ष अरमान शंकर शर्मा ने अधिवक्ता इमरान अली और मनप्रीत कौर के माध्यम से मुकदमा दायर करते हुए कहा है कि बेयर ग्रिल्स ने उनकी मूल रचना 'आखिरी दम तक' के कॉपीराइट का उल्लंघन किया है। साल 2009 में उन्होंने इसे पटकथा के रूप में लिखा और शो कि परिकल्पना की थी। जिसके अनुसार अलग-अलग इलाकों में लगभग एक महीने तक प्राकृतिक बाधाओं को दूर करने और बिना किसी की मदद के चुनौतियों का सामना करने के लिए 20 लोगों को जंगल में जाकर सात से आठ एपिसोड का एक टीवी रियलिटी कार्यक्रम तैयार किया जाना था।
अरमान शंकर शर्मा ने यह कहते हुए उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है कि ग्रिल्स का शो साल 2013 से चल रहा है, उसमें उनके मूल कॉपीराइट कार्य आखिरी दम तक का उल्लंघन किया है। उन्होंने कहा साल 2011 में भारत सरकार के कॉपीराइट रजिस्ट्रार, निगम कार्यालय, भारत सरकार द्वारा स्क्रिप्ट, उत्पादन प्रारूप और अवधारणा का कॉपीराइट पंजीकृत किया गया था और फिल्म राइटर्स एसोसिएशन, मुंबई के साथ भी काम पंजीकृत हो गया था।