अपने बॉयफ्रेंड रणबीर कपूर की एक्स गर्लफ्रेंड दीपिका पादुकोण से कैटरीना कैफ को कोई दिक्कत नहीं है। भले ही इन दोनों के बीच कोई दोस्ताना संबंध न हों, लेकिन वे एक दूसरे के दुश्मन तो कतई नहीं हैं।
कुछ महीने पहले जरूर कैट और डिप्पी की तनातनी हो गई थी। रणबीर कपूर और कैट के एक विदेशी बीच पर खींचे हुए सेक्सी फोटोज पर दीपिका की एक सख्त टिप्पणी से कैट को बुरा लगा था।
लेकिन अब कैट उस घटना को भुला चुकी हैं। दीपिका के नंबर वन की रेस में आने के सवाल पर कैट का कहना है कि इस तरह की तुलना को वे गंभीरता से नहीं लेती हैं।
बकौल कैटरीना, अभी तक लोग करीना कपूर और उनके बीच नंबर वन की रेस मानते थे और अब लोगों ने दीपिका से यह तुलना शुरू कर दी है। इसमें दो राय नहीं है कि दीपिका ने एक के बाद एक हिट फिल्में दी हैं। उनकी काबिलियत पर शक नहीं किया जा सकता है, लेकिन जबर्दस्ती नंबर गेम में किसी को डालने की जरूरत नहीं है।
बता दें कि धूम 3 की सुपर सक्सेस से कैटरीना काफी प्रसन्न हैं। उन्हें गर्व है कि वे बॉलीवुड के अब तक के इतिहास की सबसे हिट फिल्म से वे जुड़ी हैं। इस साल कैटरीना काफी व्यस्त भी हैं।
उनकी जो चार फिल्में रिलीज होंगी, वे हैं जग्गा जासूस, फैंटम, फितूर और बैंग बैंग। यानी वे इस साल दीपिका को तगड़ी चुनौती दे सकती हैं। अनुराग बसु के निर्देशन में बन रही जग्गा जासूस में वे रणबीर कपूर के साथ हैं, जब कि फैंटम में वे कबीर खान के निर्देशन में काम कर रही हैं।
काय पो चे फेम अभिषेक कपूर की फिल्म फितूर में उनका किरदार एकदम अलग है। जहां तक रितिक रोशन के साथ वाली फिल्म बैंग बैंग का सवाल है, उसकी शूटिंग भी जल्द ही शुरू होने जा रही है। रितिक के खराब स्वास्थ्य की वजह से इस फिल्म की शूटिंग आगे बढ़ती रही है।