2010 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म 'दबंग' की सीक्वेल फिल्म 'दबंग 2' इस शुक्रवार रिलीज हो रही है। इस फिल्म में सलमान खान का किरदार वही होगा जो पिछली फिल्म 'दबंग' में था। इस फिल्म में भी वह चुलबुल पांडेय की भूमिका करते दिखेंगे। बस फर्क इतना होगा कि इस बार की कहानी लालगंज कस्बे की न होकर कानपुर शहर की है। इस बार उनके सामने छेदी सिंह नहीं बल्कि बच्चा भईया हैं। बच्चा भईया की भूमिका प्रकाश राज कर रहे हैं। 'दबंग' में छेदी सिंह की भूमिका सोनू सूद ने की थी।
पिछली फिल्म की तरह इस फिल्म में भी सलमान खान की पत्नी की भूमिका सोनाक्षी सिन्हा कर रही हैं। इस फिल्म का एक बड़ा बदलाव निर्देशक का है। 'दबंग' का निर्देशक अनुभव सिन्हा ने किया था जबकि इस फिल्म को अरबाज खान निर्देशित कर रहे हैं। 21 दिसंबर को रिलीज हो रही इस फिल्म में काफी कुछ किरदार 'दबंग' वाले ही हैं। माही गिल और अरबाज खान भी अपने-अपने पात्रों में हैं। डिंपल कपाड़िया इस फिल्म में नहीं दिखेंगी। विनोद खन्ना की भूमिका वैसी की वैसी है।
फिल्म में इस बात का ध्यान रखा गया है कि यह फिल्म 'दबंग' की सीक्वल तो लगे पर दर्शकों को ऐसा न लगे कि वह पुरानी 'दबंग' ही देख रहे हैँ। स्पेशल आइटम नंबर इस फिल्म की भी यूएसपी है। पिछली फिल्म में जहां 'मुन्नी बदनाम हुई' गाने ने दर्शकों को खूब नचाया था तो इस बार करीना कपूर 'फेवीकोल सॉन्ग' से दर्शकों का दिल जीत रही हैं। 40 करोड़ की लागत में बनी इस फिल्म से दर्शकों को अच्छा मनोरंजन मिलने की उम्मीद है।