'कोड नेम तिरंगा' का ट्रेलर दो मिनट 55 सेकंड का है, जिसकी शुरुआत ही एक बड़े धमाके के साथ होती है। ट्रेलर के पहले सीन में ही बहुत सारा एक्शन दिखाया गया है और यह बवाल शरद केलकर मचा रहे हैं। वहीं, परिणीति, उर्फ अल्फा वन 'द बेस्ट मैन', देश के लिए एक निडर मिशन पर है। इस ट्रेलर में वह विभिन्न स्टाइल वाले एक्शन सीन्स में नजर आ रही हैं। आमने-सामने की इस लड़ाई में परिणीति चोपड़ा अपने दुश्मनों पर भारी पड़ती नजर आई हैं। वह ऊंची-ऊंची इमारतों के बीच आतंकियों को गोलियों से भुनती हुई दिख रही हैं।
बता दें कि इस फिल्म की शूटिंग लॉकडाउन के दिनों में तुर्की में हुई थी और इस बात का खुलासा परिणीति ने किया था। बीते दिन हुए फिल्म के स्पेशल ट्रेलर प्रिव्यू के दौरान परिणीति ने बताया था कि डर के माहौल में हमने शूटिंग पूरी की थी। अगले दिन शूटिंग कहां और कैसे होगी? इस बारे में किसी को नहीं पता था। उस वक्त यूनिट के कुछ लोगों को कोविड भी हो गया था। दूसरी तरफ मुंबई से मेरे पास कॉल पर कॉल आ रहे थे। मेरे दोस्त परेशान थे कि पूरी दुनिया में लॉकडाउन लगा है और तुम वहां शूटिंग कर रही हो।
अपने किरदार के बारे में बताते हुए परिणीति ने कहा था कि हिंदी सिनेमा में महिला रॉ एजेंट पर बहुत कम फिल्में बनी हैं। मैं अपने इस किरदार के लिए बहुत उत्साहित थी क्योंकि बॉलीवुड में मेरी छवि एक बबली गर्ल की है और इस फिल्म से मेरी छवि सच में बदल जाएगी। बता दें कि इस फिल्म में हार्डी संधू डॉक्टर मिर्जा अली के किरदार में नजर आएंगे और यह फिल्म 14 अक्तूबर को रिलीज हो रही है।