शाहरुख खान की 'चेन्नई एक्सप्रेस' अगले शुक्रवार को रिलीज के लिए तैयार है। इसकी रफ्तार इतनी तेज है कि फिल्म बाजार के विशेषज्ञों के मुताबिक यह मात्र तीन दिन में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर सकती है।
असल में कामयाबी का आधा सफर तो फिल्म रिलीज से पहले ही तय कर चुकी है। निर्माता-वितरक यूटीवी की इस फिल्म के सेटेलाइट अधिकार हाल में 48 करोड़ रुपये में बिके हैं। ऐसे में 9 अगस्त को सिनेमाघरों में पहुंचने वाले यह एक्सप्रेस अगर तीन दिनों (शुक्रवार से रविवार) में 50 से 55 करोड़ रुपये कमा लेगी तो रिलीज के बाद सबसे तेज 100 करोड़ कमाने वाली फिल्म बन जाएगी।
शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण और निर्देशक रोहित शेट्टी अपनी ओर से फिल्म के प्रमोशन में कोई कसर बाकी नहीं रख रहे हैं। देश-विदेश में वह धमाकेदार प्रचार कर रहे हैं। टीवी सीरियलों और रियलिटी शो से लेकर जगह-जगह फिल्म के प्रमोशन जारी हैं।
शाहरुख अपनी फिल्म के नए बाजार भी तलाश रहे हैं और ब्रिटेन तथा अमेरिका के बाहर कई गैर-परंपरागत बाजारों में भी यह फिल्म रिलीज की जा रही है। भारत में रिलीज के दिन ही 9 अगस्त को 'चेन्नई एक्सप्रेस' मोरक्को, जमर्नी, स्विट्जरलैंड, ऑस्ट्रिया, फ्रांस, इजरायल के साथ पेरू के सिनेमाघरों में दिखाई जाएगी।
शाहरुख और रोहित पहली बार साथ काम कर रहे हैं। रोहित आज बॉलीवुड के सबसे महंगे डायरेक्टर हैं और अजय देवगन के साथ लगातार हिट फिल्में देने के बाद शाहरुख को लेकर वे पर्दे पर कैसा कमाल करेंगे, यह सभी देखना चाहते हैं। वैसे 48 करोड़ में सेटेलाइट राइट्स बिकने के बाद इसका अंदाजा लगाना ज्यादा मुश्किल नहीं है।