शाहरुख खान व दीपिका पादुकोण अभिनीत फिल्म 'चेन्नई एक्सप्रेस' की शूटिंग वाई में चल रही है। फिल्म के एक सीन के लिए सतारा स्थित धोम डैम से पानी लाने की व्यवस्था की जा रही हैं।
वहां के गांव वालों ने 'चेन्नई एक्सप्रेस' की टीम का जीना मुहाल कर रखा है। हर दिन कोई न कोई संगठन सेट पर पहुंच कर हंगामा करता हैं। उनका कहना है कि हम सभी पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसे में पानी की इतनी बर्बादी करना ठीक नहीं है।
इस फिल्म के निर्देशक रोहित शेट्टी का कहना है कि उनके पास बकायदा पानी के इस्तेमाल के लिए लीगल कागजात हैं और वह अनुमति के बाद ही इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। लेकिन इसके बावजूद वहां के लोग फिल्म की शूटिंग में बाधा डाल रहे हैं।
दरअसल महाराष्ट्र के सतारा इलाके में ही खासतौर से पानी की समस्या हो रही है और वहां के लोगों को ढंग से पीने का भी पानी नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में वे पानी की बर्बादी बिल्कुल देखना नहीं चाहते। हालांकि रोहित जब स्थिति काबू नहीं कर पाये तो उन्होंने पुलिस को भी इस बात की सूचना दी और कुछ गांव वालों को गिरफ्तार भी किया गया है।
इसके बावजूद गांव वालों ने उपद्रव फैलाना बंद नहीं किया है। इससे पहले भी शाहरुख की ही फिल्म 'माइ नेम इज खान' की शूटिंग के दौरान भी पानी की समस्या को लेकर और फिल्म में बाढ़ के एक दृश्य में पानी के अत्यधिक इस्तेमाल को लेकर शिव सैनिकों ने काफी बवाल खड़ा किया था।