बॉलीवुड के मशहूर कोरियोग्राफर-निर्देशक रेमो डिसूजा और उनकी पत्नी लिजेल डिसूजा के खिलाफ उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की एक अदालत में चार्जशीट दायर की गई है। इन दोनों पर फिल्म के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप है। जिले की सिहानी गेट पुलिस ने रेमो डिसूजा और लिजेल डिसूजा के खिलाफ अदालत में चार्जशीट पेश कर दी है। हालांकि अदालत ने अभी चार्जशीट पर कोई संज्ञान नहीं लिया है।
रेमो डिसूजा पर आरोप है कि उन्होंने फिल्म के नाम पर गाजियाबाद रहने वाले सतेंद्र त्यागी से पांच करोड़ रुपये लिए थे और निर्माण पूरा होने पर रुपये लौटाने की बात कही थी। फिल्म का निर्माण पूरा होने पर रेमो ने रुपये वापस नहीं किए। अदालत के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। अब चार्टशीट अदालत में पेश की है।