बॉलीवुड का यह आकर्षण ही है कि आज विदेशी कलाकारों से लेकर क्रिकेटर तक इसका हिस्सा बनना चाहते हैं। तभी तो आने वाली फिल्म 'अनइंडियन' से अभिनय की दुनिया में कदम रखने जा रहे पूर्व ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाद ब्रेट ली ने अपनी फिल्म के एक डांस सीन की शूटिंग के लिए क्रिकेट वर्ल्ड कप कमेंट्री से छुट्टी ली थी।
एक बयान में बताया गया कि फिल्म के इस डांस सीन के लिए ब्रेट ली ने इंडियन ट्रेडिशनल ड्रेस पहनी है। उन्होंने इस डांस को खूब एंजॉय भी किया। ब्रेट ली इस गाने में एक्ट्रेस तनिष्ठा चटर्जी के साथ ठुमके लगाते नजर आएंगे। शूटिंग खत्म होने के बाद उनकी को स्टार तनिष्ठा चटर्जी भारत वापस चली आईं और ली ने क्रिकेट वर्ल्ड कप की कमेंट्री के लिए माइक्रोफोन संभाल लिया।
फिल्म की शूटिंग पिछले हफ्ते पूरी हो चुकी है। इस फिल्म को अनुपम शर्मा डायरेक्ट और प्रोड्यूस कर रहे हैं। यह कॉमेडी फिल्म हाल ही में बने ऑस्ट्रेलियाई इंडिया फिल्म फंड (एआईएफएफ) के प्रोडक्शन में बनी पहली फिल्म है।