इस शुक्रवार रिलीज हुई फिल्मों में से एक फिल्म हिट के रास्ते पर है तो दूसरी लगभग फ्लॉप हो चुकी है।
अमिताभ बच्चन की मुख्य भूमिका वाली 'जंजीर' की रीमेक फिल्म बनाना अपूर्व लाखिया के लिए शुभ साबित नहीं हुआ। फिल्म को मिली कमजोर ओपनिंग को देखते हुए माना जा सकता है कि यह फिल्म पूरी तरह फ्लॉप होने वाली है।
शुक्रवार को रिलीज हुई इस फिल्म का पहले दिन कलेक्शन तीन करोड़ 58 लाख रूपए थे। दूसरे दिन आमतौर पर फिल्मों का कलेक्शन बढ़ता है। लेकिन इस फिल्म के साथ उल्टा हुआ।
शनिवार को यह फिल्म पहले दिन की तुलना में घटकर दो करोड़ 89 लाख ही कमा पाई। हालांकि रविवार को फिल्म ने थोड़ा पिक किया। फिल्म ने रविवार को 3 करोड़ 69 लाख रूपए कमाए। इस तरह फिल्म शुरुआती तीन दिनों में 10 करोड़ 16 लाख रूपए कमा पाई।
'जंजीर' की स्टारकॉस्ट देखते हुए यह कमाई बहुत कम मानी जा रही है। इस नई जंजीर में अमिताभ बच्चन वाली भूमिका राम चरण तेजा ने निभाई थी। प्रियंका चोपड़ा, संजय दत्त और प्रकाश राज की भूमिका भी फिल्म में खास थी।
जंजीर के साथ रिलीज हुई दूसरी फिल्म 'शुद्घ देसी रोमांस' की ओपनिंग अच्छी रही। बड़ी स्टारकॉस्ट न होने के बावजूद यह फिल्म हिट की तरफ चल पड़ी है।
इस फिल्म में दो फिल्में कर चुकीं परिणिती चोपड़ा, एक फिल्म कर चुके सुशांत सिंह राजपूत के साथ डेब्यू कर रहीं वानी कपूर की मुख्य भूमिका थी।
इस रोमांटिक फिल्म ने शुरुआती तीन दिनों में 23 करोड़ रूपए कमा लिए हैं। जो कि जंजीर की कमाई का लगभग ढाई गुना है। फिल्म के बजट को देखें तो यह फिल्म अभी से ही हिट हो चुकी है।