साल 2009 में आई सलमान खान की फिल्म 'वॉन्टेड' ने उनके करियर को एक नई ऊंचाई दी थी। अब फैंस सलमान की इस फिल्म का सीक्वल भी देख सकते हैं। फिल्म प्रोड्यूसर बोनी कपूर ने सात साल पुराना फिल्म से जुड़ा एक केस जीत लिया है।
बोनी कपूर 'वॉन्टेड' के प्रोड्यूसर हैं। साल 2009 में फिल्म की रिलीज के बाद मेरठ के एक डायरेक्टर ने उन पर फिल्म की स्क्रिप्ट चुराने का आरोप लगाया था। बीरबल सिंह राणा ने कहा था कि बोनी ने उनकी फिल्म 'राजा भाई आईपीएस' की स्टोरी चुरा 'वॉन्टेड' फिल्म बना डाली। उन्होंने साथ ही ये भी कहा था कि उन्होंने 2004 में बोनी के पास इस फिल्म की स्क्रिप्ट जमा कराई थी जिसे तब रिजेक्ट कर दिया गया लेकिन बाद में उन्होंने इसे अपनी फिल्म में इस्तेमाल कर लिया।
बीरबल सिंह राणा ने बोनी और श्रीदेवी कपूर, सलमान खान और प्रभूदेवा के खिलाफ केस किया था। बोनी ने इन सभी आरोपों को खारिज किया था और कोर्ट में पेश भी नहीं हुए थे जिसके बाद कोर्ट ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वॉरेंट जारी किया था। सात साल बाद कोर्ट ने इस पर फैसला सुनाते हुए बोनी कपूर को सभी आरोपों से बरी किया है। इसके साथ ही इस बात का खुलासा हुआ है कि बीरबल बोनी को कोर्ट के बाहर सेटलमेंट के लिए ब्लैकमेल कर रहे थे और 75 लाख की डिमांड भी कर रहे थे।
मुंबई मिरर से बातचीत में बोनी कपूर ने बताया, 'मैंने सभी फिल्मों के राइट्स कानूनी तरीके से खरीदे हैं। मैंने न ही सिर्फ 'वॉन्टेड' के तमिल वर्जन के राइट्स खरीदे थे बल्कि तेलुगू फिल्म के भी राइट्स खरीदे थे।' फिल्म के सीक्वल पर बोलते हुए बोनी कपूर ने कहा कि 'वॉन्टेड 2' बिना सलमान खान के नहीं बन सकती। उन्होंने कहा कि उनके पास जब फिल्म की सही स्क्रिप्ट होगी, तब वह फिल्म के सीक्वल की तैयारी करेंगे। सलमान के बिना 'वॉन्टेड 2' की कल्पना करना मुश्किल है।