अभिनेता के अचानक निधन पर उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्री, दिल्ली के मुख्यमंत्री, राहुल गांधी सहित कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू अपने शोक संदेश में कहा, 'हिंदी सिनेमा के प्रख्यात कलाकार और वरिष्ठ अभिनेता ऋषि कपूर के असामयिक निधन के दुखद समाचार से स्तब्ध हूं। उन्होंने अपनी बहुमुखी अभिनय प्रतिभा से भारतीय दर्शकों को दशकों तक मंत्रमुग्ध रखा और उन चरित्रों को हमारी स्मृति में अमर कर दिया। वे एक करिश्माई अभिनेता थे जिन्हें कई पीढ़ियों का स्नेह प्राप्त था। सच्चे कलाकार अपने कृतित्व के माध्यम से, अपने प्रशसंकों के मन मस्तिष्क में सदैव अमर रहते हैं।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिल्म अभिनेता की मौत पर उनके परिवार और फैंस के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा, 'ऋषि कपूर जी, बहुआयामी, प्रिय और जीवंत व्यक्ति थे। वह प्रतिभा के पावरहाउस थे। मैं हमेशा सोशल मीडिया पर उनके साथ हुई बातचीत को याद रखूंगा। वह फिल्मों और भारत की प्रगति को लेकर उत्साही थे। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार और फैंस के प्रति मेरी संवेदना। ओम शांति।'
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ऋषि कपूर की मौत पर दुख जाहिर करते हुए लिखा, 'भारतीय सिनेमा के लिए यह एक बेकार हफ्ता है जिसमें एक और विख्यात अभिनेता ऋषि कपूर का निधन हो गया। एक अद्भुत अभिनेता जिनकी प्रशंसक कई पीढ़ियां हैं उन्हें बहुत याद किया जाएगा। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।'
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने उनके निधन पर संवेदना जताते हुए लिखा, 'अभिनेता ऋषि कपूर का आकस्मिक निधन चौंकाने वाला है। वे न केवल एक महान अभिनेता थे बल्कि एक अच्छे इंसान भी थे। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदना। ओम शांति।'
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अभिनेता के निधन पर शोक जाहिर किया। उन्होंने कहा, 'अभिनेता ऋषि कपूर के आकस्मिक निधन से गहरा दुख हुआ। उन्होंने अपने पूरे करियर में भारतीयों की कई पीढ़ियों का मनोरंजन किया। उनका जाना एक भारी नुकसान की तरह है। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।'
भाजपा सांसद गिरिराज सिंह ने ऋषि कपूर के निधन पर दुख जाहिर करते हुए लिखा, 'पुराने सिनेमा काल को नई सिनेमा काल से जोड़ने वाले महान कलाकार ऋषि कपूर हमारे बीच नहीं रहे। भारतीय सिनेमा के लिए यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण समय है। प्रभु उनकी आत्मा को शांति दे। ओम शांति।'