बॉलीवुड की हॉट अभिनेत्री और बार्बी गर्ल के नाम से मशहूर कैटरीना कैफ ने आज अपने जीवन के 29 बसंत पूरे कर लिये। कैटरीना कैफ ने अपने फिल्मी कैरियर में अब तक हर बड़े सितारे के साथ काम कर लिया है।
16 जुलाई 1984 को हांगकांग में जन्मी कैटरीना कैफ मूल नाम कैटरीना टॉरकेटी ने 14 वर्ष की उम, में मॉडलिंग से अपने करियर की शुरूआत की। कैटरीना मॉडलिंग करने के उद्देश्य से मुंबई आयी थी लेकिन इस दौरान उनकी मुलाकात कैजाद गुस्ताद से हुयी। कैजाद गुस्ताद उन दिनो बूम बना रहे थे। कैजाद ने कैटरीना को बूम में काम करने का प्रस्ताव दिया जिसे कैटरीना ने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
2003 में प्रदर्शित फिल्म बूम आपराधिक पृष्ठभूमि पर आधारित थी। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन और जैकी श्राफ ने मुख्य भूमिका निभायी थी। कमजोर पटकथा के कारण बूम बॉक्स ऑफिस पर कोई धूम नही मचा सकी।
2005 में कैटरीना कैफ को एकबार फिर से अमिताभ के साथ सरकार में काम करने का अवसर मिला लेकिन फिल्म की सफलता के बावजूद उन्हें कोई खास फायदा नही मिला।
वर्ष 2005 में प्रदर्शित फिल्म मैने प्यार क्यूं किया कैटरीना कैफ के सिने करियर की पहली सुपरहिट फिल्म साबित हुयी। बताया जाता है कि यह फिल्म कैटरीना को सलमान खान की वजह से मिली थी। इस फिल्म की सफलता के बाद कैटरीना को फिल्म इंडस्ट्री में अच्छी फिल्मों के प्रस्ताव मिलने शुरू हो गये।
कैटरीना ने बनायी कई जोड़ियां
कैटरीना कैफ के कैरियर में उनकी जोड़ी खिलाड़ी कुमार अक्षय कुमार के साथ काफी पसंद की जाती है। अक्षय और कैटरीना की जोड़ी सबसे पहले 2006 में प्रदर्शित फिल्म 'हमको दीवाना कर गये' मे एक साथ नजर आयी। हालांकि टिकट खिड़की पर यह फिल्म कामयाब नहीं हुयी लेकिन दोनो की जोड़ी को पसंद किया गया।
हमको दीवाना कर गये के बाद अक्षय और कैटरीना की जोड़ी वर्ष 2007 में प्रदर्शित फिल्म 'नमस्ते लंदन' मे नजर आयी। यह फिल्म सुपरहिट साबित हुयी। इसके बाद इस जोड़ी ने 'वेलकम', 'सिंह इज किंग', 'दे दना दन', और 'तीसमार खान' जैसी कई फिल्मों में एक साथ काम किया।
अक्षय के बाद कैटरीना ने सलमान के साथ भी जोड़ी बनायी। 'मैने प्यार क्यूं किया', 'पार्टनर' और 'एक था टाइगर' जैसी फिल्मों में यह जोड़ी पसंद की गयी।
इन दो कलाकारों के अलावा कैटरीना ने शाहरूख, सलमान और ऋतिक रोशन जैसे बड़े कलाकारों के अलावा रणबीर कपूर और इमरान खान जैसे नवोदित कलाकारों के साथ भी काम किया।
आने वाले दिनों में कैटरीना कैफ बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्टनिस्ट आमिर खान के साथ धूम के सीक्वल 'धूम 3' और ऋतिक रोशन के साथ 'बैंगबैंग' में नजर आएंगी।