रितेश–जेनेलिया रियलिटी शो में साथ आएंगे?
अमर उजाला ने सवाल किया कि आजकल कई सेलेब्रिटी कपल्स एक साथ रियलिटी शोज में हिस्सा लेते नजर आते हैं। ऐसे में अगर कभी रितेश और उनकी पत्नी जेनेलिया देशमुख को भी ऐसा कोई मौका मिले, तो क्या वे दोनों किसी रियलिटी शो में साथ नजर आएंगे? इस पर रितेश ने मुस्कुराते हुए मजाकिया अंदाज में कहा, 'अगर उनका बजट होगा तो क्यों नहीं?'
'लोगों को लगता है, जो दिखता है वही सच है, लेकिन...'
इसके बाद सवाल किया गया कि जब कपल्स रियलिटी शोज में आते हैं, तो क्या उनकी हर बात स्क्रीन पर दिखाना सही और जरूरी होता है? इस पर रितेश ने जवाब दिया, 'मुझे लगता है कि कई लोगों की यह धारणा होती है कि वे जो टीवी पर देख रहे हैं, वही पूरी सच्चाई है। लेकिन यकीन मानिए, बहुत सी चीजें ऐसी होती हैं जो मेकर्स नहीं दिखाते। दुर्भाग्य से या सौभाग्य से, वे बातें ऑडियंस तक पहुंचती ही नहीं। जब भी कपल्स टीवी पर आते हैं, उन्हें पता होता है कि वे किन चीजों से डील कर रहे हैं। कई बातें ऐसी होती हैं जो वे कहना नहीं चाहते, कई चीजें जताना या एक्सप्रेस करना चाहते हैं, लेकिन वे स्क्रीन पर दिखाई नहीं जातीं।'
'कई बार टीआरपी की शॉक वैल्यू होती है, लेकिन नैतिकता भी जरूरी है'
चैनल और मेकर्स की भूमिका पर बात करते हुए रितेश ने कहा, 'मैं मानता हूं कि इसमें चैनल को भी क्रेडिट दिया जाना चाहिए। कई बार उन्हें पता होता है कि इससे टीआरपी आएगी, इसमें शॉकिंग वैल्यू है, लेकिन नैतिक तौर पर हमें यह भी पता होता है कि कुछ चीजें नहीं दिखानी चाहिए। कई बार ऑडियंस को लगता है कि चैनल कंटेस्टेंट्स की पर्सनल लाइफ की रिस्पेक्ट नहीं करता, लेकिन हकीकत बिल्कुल ऐसी नहीं है।'
'यह सिर्फ कपल की नहीं, उनके परिवार और बच्चों के प्रति भी जिम्मेदारी है'
रितेश ने परिवार और जिम्मेदारी की बात करते हुए कहा, 'चैनल सिर्फ कंटेस्टेंट के बारे में ही नहीं सोचता, बल्कि उनके परिवारों के बारे में भी सोचता है। यह सिर्फ कपल की बात नहीं होती, बल्कि उनके माता पिता, भाई-बहन और दोनों परिवारों पर इसका क्या असर पड़ेगा, यह भी देखा जाता है। उनके बच्चे होंगे, वे स्कूल जाएंगे, उन पर क्या असर होगा? इन सारी जिम्मेदारियों को ध्यान में रखकर शो चलता है। शो सिर्फ शॉकिंग चीजें दिखाकर टीआरपी बढ़ाने के बारे में नहीं सोचता।'
11 जनवरी 2026 को होगा शो का प्रीमियर
इसके अलावा प्रेस कॉन्फ्रेंस में रितेश ने शो को लेकर कुछ और बातें भी कहीं। उन्होंने कहा कि घर के अंदर कई बार कंटेस्टेंट्स के रिएक्शन अचानक और इमोशनल हो जाते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हर बात या हर रिएक्शन को उसी तरह टीवी पर दिखाया जाए। रितेश के अनुसार, महाराष्ट्र के ऑडियंस काफी समझदार हैं और वह सिर्फ ड्रामा ही नहीं, बल्कि उसके पीछे की भावना और सोच को भी समझते हैं। पिछले सीजन के कुछ विवादों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि होस्ट, चैनल और शो की तरफ से हमेशा यह कोशिश रहती है कि एक मर्यादा बनी रहे। उन्होंने यह भी साफ किया कि बिग बॉस सिर्फ लड़ाई झगड़े या कंट्रोवर्सी का शो नहीं है, बल्कि एक सोशल एक्सपेरिमेंट है, जहां मनोरंजन के साथ-साथ जिम्मेदारी और सीमाओं का भी ध्यान रखा जाता है। बता दें, शो का प्रीमियर 11 जनवरी 2026 को होने वाला है।