बंगाली टीवी सीरियल के अभिनेता सुवो चक्रवर्ती ने फेसबुक लाइव के दौरान अपनी जान देने की बात कही। अभिनेता ने 8 जून को फेसबुक लाइव सेशन के दौरान फैंस से कहा कि वो आत्महत्या कर लेंगे। खबरों के अनुसार पिछले साल से उन्हें कोई भी काम नहीं मिला था जिसके चलते वो डिप्रेशन में आ गए। इस वजह से उन्होंने जान देने की बात कह दी। उनकी इस हरकत ने फैंस और उनके दोस्तों को हैरान कर दिया और इसलिए उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दे दी। वहीं जैसे ही पुलिस को इस बारे में पता चला उन्होंने फौरन अभिनेता के घर पहुंच कर उनकी जान बचाई। बता दें कि सुवो ने 'मंगल चंडी' और 'मनासा' जैसे टीवी सीरियल में काम किया है।
एक रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि अभिनेता अभी बिल्कुल ठीक हैं। इस घटना के बारे में बात करते हुए पुलिस ने बताया कि एक फेसबुक यूजर ने उन्हें इस बारे में कॉल किया था और वो फौरन मदद के लिए अभिनेता के घर पहुंच गए। उन्होंने सुवो की बहन से भी बातचीत की। बता दें कि कुछ महीनों पहले ही सुवो के पिता का निधन हो गया था। वहीं काम ना होने के चलते वो और भी ज्यादा तनाव में चले गए थे।
8 जून को फेसबुक लाइव बातचीत के दौरान सुवो ने अपने संघर्ष की बातें फैंस के साथ साझा की। उन्होंने कहा कि वो अगस्त 2020 से खाली बैठे हैं और उनके पास कोई प्रोजेक्ट नहीं है। उन्होंने इस बात का भी जिक्र किया था कि दर्शक और मेकर्स उनके काम की तारीफ तो करते हैं, लेकिन इससे उन्हें कोई मदद नहीं मिलती। बता दें कि 'मंगल चंडी' पिछले साल ही ऑफ एयर हो गया था। इसके साथ ही उन्होंने लिखा, 'अब जिंदगी खत्म और नींद की गोली खाकर जान देने की बात कहते हुए सेशन खत्म कर दिया'। ऐसे में जो यूजर्स उन्हें देख रहे थे वो डर गए और उन्होंने फौरन पुलिस तक ये बात पहुंचा दी। फैंस के चलते ही सुवो की जान बच पाई।
गौरतलब है कि महामारी के चलते लगे लॉकडाउन ने लोगों का रोजगार छीन लिया है। पिछले एक साल से मनोरंजन जगत के बहुत से सितारे काम की तलाश में परेशान हो रहे है। बहुत से लोगों को आर्थिक दिक्कत का सामना करना पड़ा है। ऐसे में अब सभी यही प्रार्थना कर रहे कि जल्द से जल्द कोरोना खत्म हो और जिंदगी पटरी पर लौट सके।