एक्शन ड्रामा फिल्म 'बाप' का फर्स्ट लुक जारी हो गया है। इस फिल्म में 80 और 90 के दशक के सुपरस्टार - जैकी श्रॉफ, संजय दत्त, मिथुन चक्रवर्ती और सनी देओल - एक साथ दिखाई देने वाले हैं। मेकर्स द्वारा जारी किए गए पोस्टर में चारों एक्टर्स गैंगस्टर के अवतार में नजर आ रहे हैं। बता दें कि फिल्म की शूटिंग शुरू हो गई है। विवेक चौहान के निर्देशन में बन रही यह फिल्म अगले साल रिलीज होने वाली है।
'बाप' के पोस्टर में सभी अभिनेताओं का लुक काफी दिलचस्प दिख रहा है। सनी को देख ऐसा लग रहा है जैसे कि वह फिल्म में किसी कैदी का किरदार निभाने वाले हैं। इतना ही नहीं नारंगी रंग की ड्रेस, लम्बे बाल और दाढ़ी के साथ सनी को देख फैंस को उनकी फिल्म 'जीत' की याद आ रही है। वहीं दूसरी तरफ मिथुन, जैकी और संजय के लुक्स भी काफी बदले हुए दिखाई दे रहे हैं।
जैकी श्रॉफ ने इंस्टाग्राम पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "शूट धमाल, दोस्ती बेमिसाल (एसआईसी)।" गौरतलब है कि फिल्म के पोस्टर से पहले जैकी श्रॉफ और संजय दत्त ने जून में एक फोटो के जरिए फिल्म की शूटिंग शुरू होने की जानकारी दी थी। हालांकि, इस फोटो में सनी देओल नहीं थे। तब सनी ने मजाक में कहा था कि वह जल्द ही ढाई किलो के हाथ के साथ शूटिंग में शामिल होने वाले हैं।