फिल्म बाहुबली 1 और 2 के बाद सभी को काफी समय से पता है कि नेटफ्लिक्स उससे पहले की कहानी पर वेब सीरीज बना रहा है। काफी समय से बाहुबली फैंस इस वेब सीरीज का इंतजार कर रहे हैं। इन्हीं फैंस के लिए एक अच्छी खबर है। तीन अध्याय वाले फॉर्मैट पर बन रही इस वेब सीरीज के पहले अध्याय की शूटिंग पूरी हो चुकी है।
दरअसल सीरीज की शूटिंग काफी पहले ही शुरू हो चुकी थी। इस सीरीज का नाम रखा गया है " बिफोर द बिगनिंग "। इसके पहले अध्याय में नौ एपिसोड होंगे और इसमें शिवगामी के विद्रोही और बदला लेने वाली लड़की से बुद्धीमान अद्वितीय रानी बनने तक के सफर को दिखाया जाएगा। फिल्म बाहुबली में अभिनेत्री राम्या कृष्णन ने शिवगामी की भूमिका निभाई थी और अब इस सीरीज में शिवगामी का किरदार मृणाल ठाकुर निभाते नजर आएंगी।
पढ़ें: शादी पर क्या बोले प्रभास? पढ़िए पूरा एक्सक्लूसिव इंटरव्यू शनिवार को अमर उजाला के मायादर्पण पेज पर
हाल ही में आई सुपर 30 और बाटला हाउस जैसी दो हिट फिल्में दे चुकी मृणाल ठाकुर सफलता की सीढ़ी पर चढ़ चुकी हैं। मृणाल कहती हैं " हमने पहला सीजन खत्म कर दिया है। दर्शकों को बाहुबली से पहले की कहानी कैसी लगेगी यह सोचकर मैं खुद अब और दो तीन महीने इंतज़ार नहीं कर सकती। मुझे यकीन है कि लोग भी यह जानने के लिए बेहद उत्सुक हैं। "
पढ़ें: तो क्या 'बाहुबली' से भी आगे निकलेगी प्रभास की 'साहो'? रिलीज से पहले कमाए 320 करोड़!
देवा कट्टा और प्रवीण सतरू निर्देशित यह पूरी सीरीज आनंद नीलकंठन की किताब पर आधारित होगी। इसमें अतुल कुलकर्णी, वकार शेख, जमील खान, सिद्धार्थ अरोड़ा और अनूप सोनी जैसे जाने माने चेहरे देखने को मिलेंगे।