सितारों से पूछिए सवाल की इस बार की कड़ी में बाहुबली स्टार प्रभास ने अमर उजाला के पाठकों के चुनिंदा सवालों के बहुत ही दिलचस्प जवाब दिए हैं। पाठकों ने प्रभास से उनकी हिंदी से लेकर उनकी शादी तक के सवाल बेबाक होकर पूछे और प्रभास ने इनके जवाब भी उतनी ही बेबाकी से दिए हैं।
अमर उजाला अखबार हर रोज लेटेस्ट फिल्मी खबरों का एक परिशिष्ट बिंदास प्रकाशित करता है। इस परिशिष्ट के नियमित पाठको को रिलीज होने से पहले फिल्म देखने, फिल्म से जुड़ी रोचक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने और मुंबई में होने वाले फिल्मी कार्यक्रमों के सीधे प्रसारण की व्यवस्था इसके फेसबुक पेज पर की गई है। इसी पेज पर पाठक अपने पसंदीदा सितारों से सवाल भी पूछते हैं।
पढ़ें: कई रातों से क्यों चैन से सो नहीं पा रहे थे असली बाहुबली? असली वजह अब पता चली
प्रभास से यूं तो तमाम सवाल पूछे गए लेकिन सबसे दिलचस्प सवाल रहा उनकी शादी को लेकर। प्रभास ने पहली बार इस इंटरव्यू में अपनी शादी को लेकर खुलासा किया है। यही नहीं उनको अमिताभ बच्चन की अदाकारी से इतना लगाव क्यूं है, इसका भी दिलचस्प किस्सा उन्होंने अमर उजाला के पाठकों के साथ साझा किया। यह पूरा इंटरव्यू आप अमर उजाला अखबार के शनिवार के संस्करण में मायादर्पण पेज पर पढ़ सकते हैं।
अखबार में प्रकाशन के बाद यह एक्सक्लूसिव इंटरव्यू अमर उजाला की वेबसाइट पर भी प्रकाशित किया जाएगा। इंटरव्यू के प्रकाशन से पहले आपके लिए इस इंटरव्यू का एक एक्सक्सूलिव सवाल-जवाब इस तरह से है:
पढ़ें: क्या साहो के लिए श्रद्धा कपूर ने ली 7 करोड़ की फीस? सामने आई हैरान कर देने वाली सच्चाई
दोभी, जौनपुर से अलका पूछती हैं कि साहो आपकी पहली फिल्म है जिसे आपने हिंदी में भी शूट किया है, हिंदी आपको पहले से आती है या इस फिल्म के लिए सीखनी पड़ी?
हां, ये सही बात है कि फिल्म साहो के लिए मुझे हिंदी सीखनी पड़ी। मैं हिंदी पढ़ लेता हूं, समझ भी लेता हूं। लेकिन बोलने में मुझे दिक्कत अब भी होती है। फिल्म साहो के संवाद बोलने के लिए सेट पर हिंदी के एक प्रशिक्षक रहते थे जो मुझे सही तरीके से हिंदी बोलने में मदद करते थे। हिंदी में क्रियाएं लिंग के अनुसार बदल जाती हैं। तेलुगू में ऐसा नहीं है। हिंदी में बस था और थी का ये फर्क ही मुझे थोड़ा मुश्किल लगता है।