'बाहुबली 2' फिल्म को लेकर कर्नाटक में चल रहे विवाद पर फिल्म के निर्देशक एसएस राजामौली काफी परेशान हैं। उन्होंने कर्नाटक में फिल्म की रिलीज का विरोध कर रहे संगठनों से ट्विटर के जरिए एक अपील की है।
उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर कन्नड़ में बोलते हुए एक वीडियो पोस्ट किया। वीडियो में राजामौली ने कहा, 'सत्यराज विवाद पर मैं और फिल्म के प्रोड्यूसर कुछ कहना चाहते हैं। कुछ सालों पहले उन्होंने एक बयान दिया था जिससे कई लोगों की भावनाएं आहत हुई थीं। ये उनकी निजी राय थी और इससे हमारा कोई लेना-देना नहीं है। हमें तो इस बारे में कोई जानकारी भी नहीं थी। कुछ वक्त पहले सोशल मीडिया के जरिए हमें इसकी जानकारी मिली।'
ये भी पढ़ें- कर्नाटक में नहीं रिलीज होगी बाहुबली 2, 'कटप्पा' हैं इसका बड़ा कारण
राजामौली ने आगे कहा कि सत्यराज के दिए गए बयान को 9 साल हो चुके हैं और उसके बाद उनकी कई फिल्में कर्नाटक में रिलीज हुई। 'इस दौरान बाहुबली 1 भी रिलीज हुई। जिस तरह से आपने फिल्म के पहले पार्ट को अपना भरपूर प्यार दिया उसी तरह से इसे भी अपना समर्थन दें। सत्यराज न ही इस फिल्म के प्रोड्यूसर हैं और न ही डायरेक्टर। अगर फिल्म रिलीज नहीं होती है तो उन्हें फर्क नहीं पड़ेगा। एक इंसान के कारण पूरी फिल्म न रिलीज होने देना गलत है। हमनें सत्यराज से भी इस मामले में बात की है। हमें इस विवाद में न घसीटें। हम चाहते हैं कि आप हमें केवल प्यार दें।'
राजामौली ने वीडियो में आगे कहा कि राजनीति पार्टियों के लिए एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री एक सॉफ्ट टारगेट है। असली मुद्दे हल करने की बजाय ये लोग अपने आप को प्रमोट करते रहते हैं।
ये भी पढ़ें- 'बाहुबली 2' की रिलीज के दिन बंगलुरु बंद की घोषणा