'बाहुबली' जैसी हिट फिल्म देने के बाद प्रभास और एसएस राजमौली एक बार फिर साथ काम करते नजर आ सकते हैं। डीएनए की खबर के अनुसार, प्रभास इन दिनों 'साहो' को लेकर चर्चा में हैं, जिसकी शूटिंग जल्द ही शुरू की जाएगी। इसके पूरे होते ही वो राजमौली की फिल्म में काम करेंगे। फिलहाल दोनों अभी अगले प्रोजेक्ट का प्लान ही कर रहे हैं और कुछ फाइनल भी नहीं किया गया है, लेकिन ये जल्द हो सकता है।
ये फिल्म भी बाहुबली की तरह बड़े स्केल पर बनाई जाएगी लेकिन इतना पक्का है कि ये इसका तीसरा पार्ट नहीं होगा। राजमौली और प्रभास लगातार एक-दूसरे के टच में हैं और जैसे ही उन्हें अच्छी स्क्रिप्ट मिल जाती हैं, वे काम शुरू कर देंगे। हालांकि इसमें एक साल या इससे ज्यादा समय लग सकता है।
बता दें कि एसएस राजमौली द्वारा निर्देशित फिल्म 'बाहुबली' ने बॉक्स ऑफिस पर 2000 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। इसमें 'बाहुबली 2' ने अकेले ही दुनिया भर में 1700 करोड़ की कमाई कर ली है। वहीं
'बाहुबली 2' के हिंदी वर्जन ने 500 करोड़ कमाए हैं। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि क्या फिर से इन दोनों की जोड़ी बॉक्स ऑफिस पर वही धमाल मचा पाती है या नहीं। हाल ही में खबर आई थी कि बॉलीवुड डायरेक्टर करण जौहर प्रभास को बॉलीवुड फिल्मों में लॉन्च कराना चाहते हैं।