परिणीति चोपड़ा और आयुष्मान खुराना
आयुष्मान खुराना और परिणीति चोपड़ा की फिल्म 'मेरी प्यारी बिंदु' के प्रमोशन के लिए मेकर्स ने बड़ा ही नायाब तरीका सोचा है। फिल्म का पूरा ट्रेलर एकसाथ न रिलीज कर उसे 5 हिस्सों में रिलीज किया जाएगा जो अलग-अलग चैप्टर्स के रूप में होगा। इसका पहला चैप्टर आज रिलीज कर दिया गया है।
इसमें परिणीति और आयुष्मान के फिल्म में निभाए गए किरदार यानि बिंदु और अभि के बचपन को दिखाया गया है। इस चैप्टर का शीर्षक 'समोसा और चटनी' है और इसी की मदद से दोनों में दोस्ती होती है। फिल्म का ये टीजर काफी क्यूट और मजेदार है। 'मेरी प्यारी बिंदू' का रोज एक चैप्टर रिलीज किया जाएगा। इससे पहले रिलीज हुए पहले टीजर को लोगों ने काफी पसंद किया था। उसे अब तक 30 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं।
इस फिल्म से परिणीति अपने सिंगिंग करियर में भी डेब्यू कर रही हैं। उनका गाना 'माना कि हम यार नहीं' काफी हिट हो रहा है। फिल्म का निर्देशन अक्षय रॉय कर रहे हैं और आदित्य चोपड़ा और मनीष शर्मा फिल्म के प्रोड्यूसर हैं। मनीष ने पिछले साल आई शाहरुख खान की फिल्म 'फैन' का निर्देशन किया था। आयुष्मान और परिणीति की जोड़ी को उनके फैंस 12 मई को सिनेमाघरों में देख सकते हैं।